भुरकुंडा में राष्ट्रीय माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता की तैयारी, अधिकारियों ने भूमिगत खदान का लिया जायजा
कोल इंडिया लिमिटेड 1 से 5 दिसंबर तक 55वीं ऑल इंडिया माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता-2026 का आयोजन कर रहा है. देशभर की खदानों की बचाव टीमें अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी. इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी कोल इंडिया को मिली है.
भुरकुंडा (रामगढ़): खान सुरक्षा के क्षेत्र में देश की प्रमुख और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शामिल 55वीं ऑल इंडिया माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता-2026 का आयोजन एक से पांच दिसंबर तक किया जाएगा. इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी की जिम्मेदारी कोल इंडिया लिमिटेड को मिली है. इसे लेकर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
प्रतियोगिता में देशभर की प्रमुख कोयला और मेटल खदानों की रेस्क्यू टीमें हिस्सा लेंगी. कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों ईसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, एनसीएल, डब्ल्यूसीएल, एसईसीएल और एमसीएल के अलावा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल), टाटा स्टील, हिंडाल्को, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) समेत अन्य सरकारी और निजी कंपनियों की 25 से अधिक टीमें अपने बचाव कौशल का प्रदर्शन करेंगी.
हादसों से निपटने की तैयारी परखा जाएगा
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य भूमिगत खदानों में आग लगने, जहरीली गैसों के रिसाव, जलभराव और छत धंसने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए रेस्क्यू टीमों की तत्परता, तकनीकी दक्षता और टीम वर्क को परखना है. प्रतियोगिता के दौरान थ्योरी, रेस्क्यू ड्रिल, प्राथमिक उपचार, गैस डिटेक्शन, रेस्क्यू उपकरणों का संचालन, फील्ड रेस्क्यू ऑपरेशन और बेस्ट कैप्टन समेत कई चुनौतीपूर्ण इवेंट होंगे. विशेषज्ञों की टीम प्रत्येक टीम के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन करेगी.
ये भी पढ़ें- शौच के लिए घर से निकला युवक फिर नहीं लौटा, अगले दिन कुएं में मिला शव
अधिकारियों ने भुरकुंडा भूमिगत खदान का किया निरीक्षण
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर गुरुवार को वरीय अधिकारियों की टीम ने बरका-सयाल क्षेत्र स्थित भुरकुंडा बसगढ़ा भूमिगत खदान का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने खदान के अंदर लगी मशीनों, रेस्क्यू उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली. इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
निरीक्षण में धनबाद के डीएमआरएस एन. नागेश्वर राव, रांची रीजन के डीएमएस अजीत कुमार, यूएम बिनोद कुमार, बरका-सयाल के जीएम रंजय सिन्हा, डीडीएमएस महेश कुमार वागले, आईएसओ विकास कुमार, एएसओ कैलाश कुमार, सुपरिटेंडेंट अमरेंद्र कुमार, पीओ कुमार सत्यार्थी, मैनेजर एसके सिंह, रवि रंजन सहित किशुन महतो, विकास कुमार, रंजीत कुमार, पवन झा, परमानंद झा, दिनकर कुमार सिंह, शशि रंजन, आलोक पुरकर, लक्ष्मी नारायण प्रसाद, मदन मोहन ओझा और मनोज कुमार शामिल थे.
21 से 24 सितंबर तक होगी जोनल प्रतियोगिता
अखिल भारतीय प्रतियोगिता से पहले सीसीएल की ओर से 40वीं जोनल माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 24 सितंबर तक किया जाएगा. यह प्रतियोगिता माइंस रेस्क्यू स्टेशन रामगढ़ और भुरकुंडा भूमिगत खदान में होगी. जोनल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी. इस आयोजन से रेस्क्यू कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ खदानों में कार्यरत हजारों मजदूरों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें- सदिव्य सोनू का श्राद्धकर्म आज: गिरिडीह में जुटेंगे राज्यभर के दिग्गज नेता, 4 बड़े पंडाल और 6 पार्किंग स्लॉट तैयार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए