22 अक्टूबर को गरसुल्ला पैक्स में होगा मतदान, वोटिंग खत्म होते ही शुरू होगी मतगणना
गरसुल्ला पैक्स भवन जहां संपन्न होगी चुनाव प्रक्रिया. | Prabhat Khabar Network
गरसुल्ला प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) में प्रबंध समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों का चुनाव 22 अक्टूबर को होगा. 512 सदस्य मतदान करेंगे, और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे.
सुरेंद्र प्रसाद की रिपोर्ट
उरीमारी (रामगढ़): गरसुल्ला प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) की प्रबंध समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों का चुनाव 22 अक्टूबर को होगा. चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है. पूरी निर्वाचन प्रक्रिया गरसुल्ला पैक्स भवन में संपन्न होगी. इस संबंध में समिति के अध्यक्ष राम विलास गोप ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय सहायक निबंधक, सहयोग समितियां, हजारीबाग अंचल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव कराया जाएगा. सहकारिता प्रसार पदाधिकारी भूनाथ महतो को निर्वाचन पदाधिकारी, मुकेश कुमार को अनुकल्पिक निर्वाचन पदाधिकारी और अश्विनी कुमार को सह-संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
5 अक्टूबर को होगा नामांकन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पांच अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन दाखिल किया जाएगा. दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी. इसके बाद दोपहर 2.30 बजे नामांकन सूची का प्रकाशन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- खूंटी के 15 स्कूलों में लगेगा रक्तदान कैंप, जानिए किस स्कूल में कब होगा शिविर
6 अक्टूबर को आपत्ति और नाम वापसी
छह अक्टूबर को नामांकन पत्रों पर आपत्तियां प्राप्त कर उनका निष्पादन किया जाएगा. इसी दिन दोपहर 2.30 बजे वैध नामांकन सूची प्रकाशित होगी. दोपहर 3 बजे से 3.30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी. शाम चार बजे अंतिम सूची जारी की जाएगी. इसके बाद शाम 4.30 बजे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा. मतदान 22 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक गरसुल्ला पैक्स भवन में होगा. मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जायेगी. इसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा.
512 मतदाता करेंगे मतदान, 98 सदस्य नहीं ले सकेंगे हिस्सा
अध्यक्ष ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन छह सितंबर को किया गया था. 13 सितंबर को आपत्तियों के निष्पादन के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें 512 सदस्य शामिल हैं. सोसाइटी के उपविधि के तहत 98 साधारण सदस्य चुनाव प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे. पंचायत के मुखिया और पंचायत समिति सदस्यों को भी चुनाव कार्यक्रम की सूचना दे दी गई है. चुनाव को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं.
ये भी पढ़ें- सुदिव्य सोनू का श्राद्धकर्म आज: गिरिडीह में जुटेंगे राज्यभर के दिग्गज नेता, 4 बड़े पंडाल और 6 पार्किंग स्लॉट तैयार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए