भुरकुंडा के बिरसा चौक में भव्य गणेश महाआरती, सांसद और विधायक ने टेका माथा
गणेश महोत्सव| Prabhat Khabar Network
भुरकुंडा के बिरसा चौक में गणेश चतुर्थी पर श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया. हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल और बड़कागांव के विधायक रोशनलाल चौधरी ने पूजा में शामिल होकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे.
भुरकुंडा के बिरसा चौक स्थित गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर श्री गणेश महोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. शुक्रवार शाम आयोजित भव्य महाआरती में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल और बड़कागांव के विधायक रोशनलाल चौधरी शामिल हुए. दोनों जनप्रतिनिधियों ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.बिरसा चौक स्थित पंडाल में भगवान गणेश की आकर्षक और भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है.
बिरसा चौक गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा
पंडाल को फूल-मालाओं, रंग-बिरंगी विद्युत लाइटों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया है.शाम होते ही जैसे ही ढोल-नगाड़ों के साथ महाआरती शुरू हुई, पूरा बिरसा चौक "गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया " के गगनभेदी जयकारे से गूंज उठा. आरती में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों की भीड़ उमड़ी रही.इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य हैं. किसी भी शुभ कार्य से पहले उनकी पूजा की जाती है. उनकी आराधना से जीवन के सभी विघ्न दूर होते हैं और बुद्धि व समृद्धि की प्राप्ति होती है. ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं.
आस्था और एकता का संदेश
विधायक रोशनलाल चौधरी ने कहा कि बिरसा चौक का यह गणेश महोत्सव केवल एक पूजा नहीं, बल्कि आस्था और एकता का प्रतीक है. यहां सभी समुदाय के लोग एकजुट होकर उत्सव मनाते हैं, जो सामाजिक समरसता का बेहतरीन उदाहरण है. उन्होंने आयोजन समिति को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी. मौके पर सुखदेव प्रसाद, सतीश मोहन मिश्रा, दिनेश प्रसाद, अजय पासवान, महेंद्र सोनी, राकेश शर्मा, अमरेश सिंह, ज्योति सिंह सहित पूजा समिति के दर्जनों सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे. अंत में महाप्रसाद का वितरण किया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए