आधी रात रामगढ़ में घुसे हाथी, राशन दुकान तोड़ी; इलाके में दहशत
हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल
रामगढ़ के सांडी टूटी झरना इलाके में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है. देर रात दो हाथियों ने एक राशन दुकान को निशाना बनाया, शटर तोड़कर लाखों का नुकसान किया. घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल है.
संजय शुक्ला की रिपोर्ट
आपके शहर में
रामगढ़: रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के सांडी टूटी झरना में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. देर रात दो हाथियों ने सीताराम राशन दुकान को निशाना बनाते हुए उसका शटर और दरवाजा क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद दुकान के अंदर रखी खाद्य सामग्री समेत कई सामान को नुकसान पहुंचाया. दुकानदार के अनुसार, घटना में करीब 25 से 30 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. घनी आबादी वाले इस इलाके में हाथियों के पहुंचने से लोगों में दहशत का माहौल है.
देर रात दुकान को बनाया निशाना
टूटी झरना निवासी राजन पाठक ने बताया कि देर रात करीब एक बजे दो जंगली हाथी इलाके में पहुंचे. हाथियों ने सीताराम राशन दुकान का शटर और दरवाजा तोड़ दिया. दुकान के अंदर रखी खाद्य सामग्री को नुकसान पहुंचाने के साथ कई सामान भी बर्बाद कर दिये. दुकानदार के अनुसार, इस घटना में करीब 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी हाथी इलाके में नुकसान पहुंचा चुके हैं. हाथियों ने सरयू महतो के घर की बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया था और गेट भी उखाड़ दिया था. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय बढ़ता जा रहा है.

ये भी पढ़ें- Ranchi में पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी के नाम पर डॉक्टर को लगाया चूना, ठग लिये 2.08 करोड़
घनी आबादी वाले इलाके में हाथियों की मौजूदगी से डर
टूटी झरना क्षेत्र रामगढ़ शहर से सटा हुआ घनी आबादी वाला इलाका है. यहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं. इसी क्षेत्र में प्रसिद्ध टूटी झरना मंदिर भी स्थित है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं. ऐसे में आबादी के बीच हाथियों की मौजूदगी से लोगों को जान-माल की चिंता सताने लगी है. वहीं, स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल क्षेत्र की ओर ले जाया जाये, ताकि लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान के साथ किसी बड़ी जनहानि की आशंका को भी टाला जा सके.
रामगढ़ के कई इलाकों में हाथियों का उत्पात
रामगढ़ के विभिन्न इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का उत्पात लगातार देखने को मिल रहा है. कुछ दिन पहले गोबरदरहा क्षेत्र में हाथियों के कुचलने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है. वहीं चितरपुर और गोला क्षेत्र में भी हाथियों से जुड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे में स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और वन विभाग को हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें- Sudivya Kumar Sonu ने गिरिडीह के लिए देखे थे बड़े सपने, पूरा होने से पहले ही छोड़ गए दुनिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए