Ranchi में पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी के नाम पर डॉक्टर को लगाया चूना, ठग लिये 2.08 करोड़
पेट्रोल पंप में साझेदारी के नाम डॉक्टर से ठगी
सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव चौधरी से 2.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पेट्रोल पंप में 49% हिस्सेदारी का झांसा देकर यह ठगी की गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रांचीः पुंदाग ओपी क्षेत्र के ऐश्वर्या रेजिडेंसी, रोड नंबर पांच निवासी सेवानिवृत्त सीसीएल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव चौधरी के साथ 2.08 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. इस संबंध में उन्होंने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है. आरोप है कि पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर हजारीबाग के साउथ शिवपुरी, बोद्दम बाजार निवासी पिंकू कुमार चौधरी ने उनके साथ धोखाधड़ी की. प्राथमिकी के अनुसार, पिंकू चौधरी कई वर्षों से डॉ चौधरी के परिचित हैं.
आपके शहर में
49 प्रतिशत हिस्सेदारी का दिया झांसा
20 मार्च 2022 को पिंकू चौधरी डॉ ब्रह्मदेव चौधरी के आवास पहुंचे और बताया कि एचपीसीएल से चौपारण के पांडेय बाड़ा में एनएच पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप स्वीकृत हो चुकी है. पूंजी की कमी बताते हुए उसने डॉ चौधरी और उनकी पत्नी डॉ प्रभा कुमारी को कारोबार में 49 प्रतिशत हिस्सेदार बनाने का प्रस्ताव दिया. 30 अप्रैल 2022 को 20 रुपये के स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट किया गया. आरोपी ने एचपीसीएल के समक्ष साझेदारी की औपचारिकता पूरी कराने का भरोसा दिया और 72.70 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट भी दिखाया.
ये भी पढ़ें- Sudivya Kumar Sonu ने गिरिडीह के लिए देखे थे बड़े सपने, पूरा होने से पहले ही छोड़ गए दुनिया
जमीन से लेकर लाइसेंस तक के नाम पर ली रकम
इसके बाद भूमि विकास, सिक्योरिटी डिपॉजिट, निर्माण कार्य, मशीनरी, लाइसेंस, बिजली कनेक्शन, एनओसी और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर रकम लेना शुरू किया. शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके खाते से करीब 1.32 करोड़ रुपए और उनकी पत्नी के खाते से 28.90 लाख रुपए लिए गए. इसके अलावा आरोपी ने अपने दूसरे कारोबार में आर्थिक परेशानी बताते हुए 55 लाख रुपए का लोन भी लिया. इसके लिए 19 दिसंबर 2022 को एकरारनामा बनाया गया.
निर्माण स्थल की तस्वीरें भेजकर दिलाता रहा भरोसा
शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब 27 लाख रुपए नकद और कमेटी के नाम पर करीब 20 लाख रुपए भी लिए गए. आरोपी लगातार पेट्रोल पंप का काम तेजी से चलने की बात कहता रहा और निर्माण स्थल की तस्वीरें भी भेजता रहा. कुछ रकम उनके खातों में लाभांश के रूप में भेजी गई, जिससे उनका भरोसा बना रहा. बाद में डॉ चौधरी को आशंका हुई कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और विश्वासघात के आरोप में कार्रवाई करने तथा रकम वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
ये भी पढ़ें- Ranchi में जमीन रजिस्ट्री के नाम पर पूर्व थानेदार के डॉक्टर पति से 27 लाख रुपए की धोखाधड़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए