मेदिनीनगर के सुदना में मानवता की मिसाल: बेसहारा बुजुर्गों का सहारा बना वरिष्ठ नागरिक गृह
वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग के साथ आश्रम के संचालक / Prabhat khabar Network
मेदिनीनगर में वरिष्ठ नागरिक गृह का संचालन शुरू हो गया है, जो समाज के वृद्ध जनों को आदर, सम्मान और घर जैसी सुविधाएं प्रदान कर रहा है। यह पहल प्रबीन यूथ एसोसिएशन द्वारा की गई है, जो बेसहारा बुजुर्गों के लिए एक नया आसरा बन रहा है।
राकेश पाठक की रिपोर्ट
आपके शहर में
मेदिनीनगर. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में भी वरिष्ठ नागरिक गृह का संचालन होने लगा है. इसका सकारात्मक लाभ समाज के वृद्ध जनों को मिल रहा है. भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से संबद्ध प्रबीन यूथ एसोसिएशन के द्वारा वरिष्ठ नागरिक गृह का संचालन किया जा रहा है. नगर निगम क्षेत्र में 25 जून 2025 यह ओल्ड एज होम का संचालन शुरू हुआ. फिलहाल एक जनवरी 2026 से बाजार समिति के सामने सुदना में यह ओल्ड एज होम संचालित हो रहा है.
वरिष्ठ नागरिक गृह में 25 बेड की व्यवस्था
संचालक राकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक गृह किराये के मकान में संचालित है. इस ओल्ड एज होम में 25 बेड की व्यवस्था है. फिलहाल इस होम में पांच वैसे वृद्ध रहे रहे हैं, जिनका कोई संतान नहीं है. अस्थायी रूप से रह रहे 11 वरिष्ठ नागरिक कुछ दिन पहले भ्रमण पर निकले हैं. वैसे इस ओल्ड एज होम की शुरुआत हुए कम समय हुआ है, फिर भी यहाँ वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा की सारी व्यवस्था उपलब्ध है.
घर जैसी सुविधाएं
उन्हें आदर, सम्मान और सेवा के साथ साथ घर जैसी सुविधाएं मुहैया करायी जा रही है. वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ जनों को भोजन,आवास और इलाज की निशुल्क सुविधा मुहैया कराया जाता है. सेवादारों के द्वारा सेवा के साथ उनकी हर जरूरतों का ख्याल रखा जाता है. उन्होंने बताया कि इसके संचालन के लिए अभी तक सरकार से आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुआ है. चैरिटी व डोनेशन पर ही इसकी व्यवस्था निर्भर है. वैसे खर्च का अधिकांश हिस्सा स्वयं वहन करना पड़ता है.
भविष्य में पंचकर्म व्यवस्था की योजना
ओल्ड एज होम के संचालक श्री शुक्ला ने बताया कि वह धैर्य पूर्वक सकारात्मक सोच के साथ अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं. भविष्य में पंचकर्म व्यवस्था की योजना है. सरकार से आर्थिक सहायता और समाज के सामर्थ्यवान लोगों के डोनेशन व चैरिटी से सहयोग मिलने पर पंचकर्म को मूर्तरूप दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि एक ही छत के नीचे ओल्ड एज होम के साथ साथ अनाथालय, गौशाला, शिशु पाठशाला व आरोग्य केंद्र संचालन की योजना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए