जपला की बेटी और हार्वे स्कूल की पूर्व छात्रा सत्यवती मिश्रा का निधन, पुराने साथियों में शोक की लहर
हार्वे पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह में शामिल सत्यवती मिश्रा उर्फ गुलशन | Prabhat Khabar Network
भाजपा नेता कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा का 80 वर्ष की आयु में निधन. हार्वे हाई स्कूल की पूर्व छात्रा के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर.
हुसैनाबाद (पलामू): जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के देवरी कला पंचायत स्थित हार्वे हाई स्कूल की पूर्व छात्रा एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा उर्फ गुलशन का शनिवार की रात नोएडा सेक्टर-51 स्थित उनके आवास पर निधन हो गया. वह 80 वर्ष की थीं. उनके निधन की खबर से जपला सीमेंट फैक्ट्री के आवासीय परिसर में रहने वाले पुराने लोगों और हार्वे हाई स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं में शोक की लहर है.
जपला में बीता बचपन, हार्वे स्कूल से की मैट्रिक
सत्यवती मिश्रा उर्फ गुलशन का बचपन जपला में बीता था. उनकी प्रारंभिक शिक्षा हार्वे हाई स्कूल से हुई थी. उन्होंने वर्ष 1964 में इसी विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी. उनके पिता जपला सीमेंट फैक्ट्री के लेबोरेटरी विभाग में केमिस्ट के पद पर कार्यरत थे. नौकरी के दौरान वह फैक्ट्री के आवासीय परिसर बाबूलाइन में सपरिवार रहते थे.
ये भी पढ़ें- धान के खेत में घास निकाल रही महिला को सांप ने काटा, हालत गंभीर
फैक्ट्री परिसर से जुड़ी थीं पुरानी यादें
जपला सीमेंट फैक्ट्री के आवासीय परिसर में रहने वाले पुराने लोगों के अनुसार, सत्यवती मिश्रा की शादी भी फैक्ट्री के आवासीय परिसर से हुई थी. जपला और हार्वे हाई स्कूल से जुड़ी उनकी पुरानी यादें आज भी लोगों के बीच हैं. कुछ वर्ष पूर्व कोलकाता में आयोजित हार्वे हाई स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह में सत्यवती मिश्रा और उनके पति कलराज मिश्रा भी शामिल हुए थे.
पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं ने जताया शोक
सत्यवती मिश्रा के निधन की खबर मिलने के बाद हार्वे हाई स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं और जपला सीमेंट फैक्ट्री के आवासीय परिसर में रहने वाले पुराने लोगों ने शोक जताया. हार्वे स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र एवं स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव, कार्यपालक अभियंता गुप्तेश्वर राम, फैक्ट्री के पूर्व मैनेजर बिनोद कुमार सिन्हा, सेवानिवृत्त सेल्सटैक्स आयुक्त मनिक सिंह, रांची हाइकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता रामसुभग सिंह, डीडीसी जावेद इदरीशी, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र सिंह, शिक्षक राजेश गुप्ता, सैयद फिरोज अहमद, गोपाल विश्वकर्मा, विजय गुप्ता, पाटिल कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर रामायण सिंह, भारत पांडेय उर्फ मन्नू पांडेय समेत कई पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया.
ये भी पढ़ें- जंगल में दतवन तोड़ रही थी महिला, अचानक सामने आया भालू और कर दिया हमला
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए