हैदरनगर के रामजानकी मंदिर में राधाष्टमी की धूम, झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
नृत्य करते कलाकार | Prabhat Khabar Network
हैदरनगर के श्री रामजानकी मंदिर में राधाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. वृंदावन से आए कलाकारों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन हो गए. विशेष पूजा-अर्चना और छप्पन भोग का प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया.
हैदरनगर. स्थानीय बाजार स्थित श्री रामजानकी मंदिर में शनिवार को राधाष्टमी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनायी गयी. श्री जयप्रकाश स्वामी जी महाराज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में चहल-पहल रही. राधा रानी को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया.
राधाष्टमी के मौके पर वृंदावन से आये कलाकारों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं. इस्कॉन, कृष्ण-सुदामा, माखन चोर और राधा रानी की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. भक्ति गीतों के बीच कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में डूबे रहे.
झांकियों के बाद रात करीब 10 बजे राधाष्टमी की विशेष पूजा-अर्चना हुई. घंट-घड़ियाल की गूंज और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा. श्री जयप्रकाश स्वामी जी महाराज ने कहा कि राधाष्टमी खुशी और श्रद्धा का पर्व है. हर वर्ष इस दिन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं. राधा रानी की पूजा और भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है. उन्होंने राधा रानी की कृपा सभी पर बनी रहने और हर घर में सुख-शांति की कामना की.
बताया गया कि श्री रामजानकी मंदिर में पिछले कई वर्षों से राधाष्टमी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया.
आयोजन को सफल बनाने में बबलू गुप्ता, हरिओम, राहुल सिंह, प्रवीण मित्तल, राजू सोनी, बृज सोनी, उज्ज्वल पांडेय और अंकित अग्रवाल समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए