पलामू के जमीन माफियाओं पर बरसे वित्त मंत्री- बोले सुधर जाओ, वरना खैर नहीं

Updated:
विज्ञापन

पलामू के पाटन प्रखंड में चेतमा पिकेट में तैनात जवानों को 10 कूलर देते वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर. फोटो: प्रभात खबर

Palamu News: पलामू में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भू-माफियाओं और अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी. चेतमा पिकेट में जवानों को कूलर और आरओ सौंपते हुए उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा और अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

Palamu News: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य सरकार किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शने वाली नहीं है. सोमवार को पाटन प्रखंड के सुदूर चेतमा पिकेट में तैनात जवानों के लिए 10 कूलर और एक वाटर प्यूरीफायर (आरओ) उपलब्ध कराते हुए उन्होंने अपराधियों और अवैध रूप से जमीन कब्जाने वाले तत्वों को खुली चेतावनी दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

जमीन कब्जाने वालों को दी सख्त चेतावनी

वित्त मंत्री ने कहा कि कुछ लोग ताकत और दबंगई के बल पर गरीबों और कमजोर लोगों की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे लोगों के लिए सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट है. हेमंत सोरेन सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी भू-माफिया या अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जो लोग अपनी आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आएंगे, उन्हें प्रशासन और पुलिस की सख्ती का सामना करना पड़ेगा. ऐसे तत्वों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है. कानून से ऊपर कोई नहीं है और जो लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं रखते तथा अपराध के दम पर अपना वर्चस्व कायम करना चाहते हैं, उनकी सही जगह जेल है.

पुलिस और प्रशासन को बताया पूरी तरह स्वतंत्र

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि पलामू जिला प्रशासन और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है. उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस और प्रशासन ऐसे तत्वों से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं. वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए. यदि कोई व्यक्ति दबंगई या अवैध तरीके से किसी की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

जवानों के समर्पण और साहस को किया सलाम

चेतमा पिकेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने सुरक्षा बलों के जवानों के योगदान की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि झारखंड को नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती से मुक्त कराने में पुलिस और सुरक्षा बलों की अहम भूमिका रही है. जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर राज्य में शांति और विकास का रास्ता प्रशस्त किया है. उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि ऐसे जवानों की सुविधाओं और जरूरतों का भी ध्यान रखा जाए. इसी सोच के तहत विधायक मद से चेतमा पिकेट के जवानों के लिए कूलर और आरओ की व्यवस्था कराई गई है ताकि भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके.

देर रात तक ड्यूटी करने वाले जवानों का किया जिक्र

अपने संबोधन के दौरान वित्त मंत्री ने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में वह अक्सर रात 12 बजे से लेकर 1 बजे तक अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हैं. उस दौरान जब अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब पुलिस के जवान सड़कों और संवेदनशील इलाकों में मुस्तैदी से ड्यूटी करते दिखाई देते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित जवानों की बदौलत ही आम नागरिक सुरक्षित माहौल में जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं. इसलिए उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में घुसपैठ से बदली डेमोग्राफी, एनआरसी के लिए केंद्र से करेंगे मांग : बाबूलाल मरांडी

कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता

वित्त मंत्री ने इस मौके पर राज्य सरकार की विकास योजनाओं और नीतियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है. पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि सरकार जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर सभी नागरिकों के विकास और सुरक्षा के लिए काम कर रही है. राज्य में कानून का राज स्थापित करना और प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराध, अवैध कब्जा और दबंगई जैसी प्रवृत्तियों पर पूरी सख्ती के साथ अंकुश लगाया जाएगा ताकि राज्य में शांति, विकास और सामाजिक सौहार्द का माहौल कायम रहे.

इसे भी पढ़ें: दुमका से कलयुगी पिता गिरफ्तार: 15 वर्षीय बेटी से 3 साल तक यौन शोषण का आरोप 

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola