बाल विज्ञान प्रदर्शनी में पलामू के छात्रों का जलवा, छह विद्यार्थी नेशनल चिल्ड्रेन साइंस एक्जिबिशन के लिए चयनित
राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित पलामू के छात्र और शिक्षक. फोटो: प्रभात खबर
पलामू के छह मेधावी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है. सतत कृषि, रिक्रिएशनल मैथमेटिकल मॉडलिंग और ग्रीन एनर्जी जैसे विषयों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. यह उपलब्धि जिले में विज्ञान और नवाचार के बढ़ते माहौल का प्रमाण है.
आपके शहर में
Science Exhibition: पलामू के छह विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है. जिले के विद्यार्थियों ने सात में से तीन उपविषयों में स्थान हासिल कर पलामू का नाम रोशन किया. ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल की छात्राएं जोली रानी और सृष्टि कुमारी ने ‘सतत कृषि’ विषय में प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं अपग्रेड प्लस टू हाई स्कूल रामगढ़ के अल्तमश राजा और फैजान राजा ने ‘रीक्रिएशनल मैथमेटिकल मॉडलिंग’ में प्रथम स्थान हासिल किया. सद्गुरू हरी प्रताप प्लस टू उच्च विद्यालय चैनपुर के अजय कुमार और विक्की ठाकुर ने ‘ग्रीन एनर्जी’ विषय में तृतीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी जगह पक्की की. रांची के जिला स्कूल में आयोजित 53वीं बाल विज्ञान प्रदर्शनी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन किया गया है.
डॉ राजीव कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण
पलामू सहायक जिला नोडल पदाधिकारी डॉ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता 20 जुलाई को आयोजित हुई थी, जिसमें 83 प्रदर्शन शामिल हुए थे. इनमें से कुल 11 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया था. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छह विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन होना पलामू के लिए बड़ी उपलब्धि है. चयनित विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपने मॉडल और प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी पलामू के चार विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए थे.
लगातार तीन साल पलामू के बच्चों ने दर्ज कराई उपस्थिति
पलामू लगातार तीन वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रहा है. बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन एनसीईआरटी, नई दिल्ली एवं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, रांची के संयुक्त तत्वावधान में किया जाता है. इसमें कक्षा छह से 12वीं तक के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेते हैं। प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से शुरू होकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित की जाती है.
इसे भी पढ़ें: गुमला की लापता बच्ची मामले में हाईकोर्ट सख्त, जांच में लापरवाही पर 15 दिन में जवाब मांगा
पलामू डीईओ ने बच्चों की सफलता पर बधाई दी
पलामू के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संदीप कुमार ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले में विज्ञान, गणित और नवाचार के बढ़ते माहौल का परिणाम है. उन्होंने बताया कि जिले में इंस्पायर अवार्ड, मैथ साइंस क्लब सहित कई गतिविधियां और कार्यशालाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों में विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ रही है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के शहरों को गार्बेज फ्री बनाएगी हेमंत सरकार, 165 करोड़ से बनेंगे 3435 टॉयलेट्स
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए