Subroto Cup Football: पलामू डीसी ने फुटबॉल पर किक मारा और चैनपुर में शुरू हो गया सुब्रतो कप टूर्नामेंट

Updated:
विज्ञापन

चैनपुर में खिलाड़ियों संग गुब्बारा उड़ाकर मैच का शुभारंभ करते पलामू के उपायुक्त. फोटो: प्रभात खबर

पलामू में 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हो गया है. उपायुक्त ने टॉस कर और फुटबॉल किक मारकर प्रतियोगिता का आगाज़ किया.

विज्ञापन

Subroto Cup Football: पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को चैनपुर स्थित सहोदय उच्च विद्यालय में आयोजित प्रमंडल स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप जिलास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का टॉस कराकर एवं फुटबॉल को किक मारकर विधिवत शुभारंभ किया. कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं द्वारा उपायुक्त का गर्मजोशी एवं भव्य स्वागत किया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

व्यक्तित्व निर्माण का आधार है विद्यालय जीवन: उपायुक्त

इस अवसर पर उपायुक्त ने खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय जीवन व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है. उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपने छात्र जीवन में एक औसत विद्यार्थी रहे हैं, लेकिन विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने का कार्य करती हैं. इसलिए विद्यार्थियों को अपने स्कूल जीवन के प्रत्येक अवसर का भरपूर लाभ उठाना चाहिए.उन्होंने कहा कि यदि छात्र-छात्राएं विद्यालय जीवन में बेहतर प्रदर्शन करेंगे तो निश्चित रूप से उनका भविष्य भी उज्ज्वल होगा. विद्यार्थियों से उन्होंने अपने समय का सदुपयोग करने तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.

मार्गदर्शक के रूप में शिक्षकों की भूमिका अहम

शिक्षकों की भूमिका का उल्लेख करते हुए डीसी ने कहा कि माता-पिता के बाद यदि कोई व्यक्ति निस्वार्थ भाव से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और सेवा करता है तो वह शिक्षक होता है. शिक्षकों का योगदान जीवनभर अविस्मरणीय रहता है तथा उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है.

खेल से विकसित होती है टीम भावना और अनुशासन

खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेल शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य की पहचान देश-दुनिया में खेलों के माध्यम से भी स्थापित हुई है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के प्रति समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.

इसे भी पढ़ें: जिला स्तरिय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में गड़बड़झाला

तीन जिलों की टीमें ले रही हैं हिस्सा

इस प्रतियोगिता में पलामू प्रमंडल के पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले की टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को अंडर-15 बालक वर्ग एवं अंडर-17 बालक वर्ग के तीन-तीन लीग मुकाबले आयोजित किये गये. अंडर-15 बालक वर्ग में पलामू बनाम लातेहार, गढ़वा बनाम लातेहार तथा पलामू बनाम गढ़वा के बीच मुकाबले हुए. वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में पलामू बनाम गढ़वा, लातेहार बनाम गढ़वा तथा पलामू बनाम लातेहार के बीच मैच खेले गये.इसके अतिरिक्त बुधवार को अंडर-17 बालिका वर्ग के तीन लीग मुकाबले आयोजित किये जायेंगे. सभी मुकाबलों के प्रदर्शन के आधार पर ग्रेडिंग की जाएगी, जिसके उपरांत विजेता टीमों का चयन किया जायेगा. कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यालय के प्राचार्य, एडीपीओ अम्बुजया पांडेय, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकायें, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: Subroto Cup Football Tournament: अंडर-15 में रामगढ़, अंडर-17 बालक में गिरिडीह और अंडर-17 बालिका में हजारीबाग चैंपियन


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola