यात्री शेड में बना रखा था सब्जी-फल का गोदाम, निगम ने सैकड़ों कैरेट जब्त किये

विज्ञापन

निगम के अधिकारी के निर्देश पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाते | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मेदिनीनगर में सरकारी जमीन और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम का अभियान जारी है. मंगलवार को हुए अभियान में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में को-ऑपरेटिव मोड़ से कार्रवाई शुरू हुई. यात्री शेडों से फल-सब्जी व्यापारियों का सामान हटाया गया और सैकड़ों खाली कैरेट जब्त किए गए.

विज्ञापन

मेदिनीनगर. सरकारी जमीन और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से अभियान चलाया जा रहा है. कुछ दिन पूर्व निगम प्रशासन की टीम ने शहर में भ्रमण कर छोटे व्यवसायियों से अतिक्रमण हटाने की अपील की थी. इसका अनुपालन नहीं होने पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा.

विज्ञापन

को-ऑपरेटिव मोड़ से शुरू हुआ अभियान

नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल के निर्देश के आलोक में निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ अतिक्रमण हटाया. अभियान की शुरुआत को-ऑपरेटिव मोड़ से हुई. चौक के पास सड़क का अतिक्रमण कर लगाये गये ठेले को हटाया गया. इसके बाद सरकारी बस डिपो के यात्री शेड को सब्जी और फल व्यवसायियों के अतिक्रमण से मुक्त कराया गया.

यात्री शेड में बना रखा था सामान का स्टोर

यात्री शेड का उपयोग व्यवसायी गोदाम के रूप में कर रहे थे. शुक्रवार को निगम की टीम ने सख्त चेतावनी दी थी कि यात्री शेड को खाली करें, अन्यथा सामान जब्त कर लिया जायेगा. मंगलवार को निगम की टीम वहां पहुंची, तो स्थिति यथावत मिली.

यात्री शेड में टमाटर, खीरा, कद्दू, सेव, शिमला मिर्च सहित अन्य सब्जी और फल स्टोर किये गये थे. निगम के सिटी मिशन मैनेजर सतीश कुमार ने व्यवसायियों से सामान हटाने की अपील की. काफी देर तक बहस के बाद व्यवसायियों ने सब्जी और फल हटाया.

सैकड़ों खाली कैरेट जब्त, पेनाल्टी की तैयारी

निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सैकड़ों खाली कैरेट जब्त कर निगम कार्यालय पहुंचा दिया. सिटी मिशन मैनेजर ने बताया कि व्यवसायियों को चिन्हित कर पेनाल्टी लगायी जायेगी. सब्जी और फल व्यवसायियों को चेतावनी दी गयी कि यात्री शेड के आसपास अतिक्रमण नहीं करें और न ही गंदगी फैलायें.

कार्रवाई से व्यवसायियों में आक्रोश

निगम प्रशासन की कार्रवाई से सब्जी और फल विक्रेताओं में आक्रोश दिखा. व्यवसायियों का कहना था कि प्रशासन ने ही सब्जी और फल के थोक कारोबार के लिए स्थल चिन्हित कर उन्हें सरकारी बस डिपो में शिफ्ट कराया है. अब नगर निगम उन्हें परेशान कर हटाने की साजिश कर रहा है. व्यवसायियों का कहना था कि वे नगर निगम प्रशासन को टैक्स देते हैं और हजारों रुपये प्रतिदिन नगर निगम प्रशासन टैक्स की वसूली करता है.

अस्पताल चौक और छोटी मस्जिद रोड में भी चला अभियान

नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर के अस्पताल चौक, छोटी मस्जिद रोड और अमला टोली में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान अस्पताल चौक के पास जमीन का अतिक्रमण कर होटल और अन्य दुकान चलाने वालों को हटाया गया. ठेला मालिकों को सड़क से दूरी पर व्यवसाय करने का सुझाव दिया गया.

छोटी मस्जिद रोड में निगम की टीम पहुंची, तो वहां के व्यवसायियों ने स्वत: अतिक्रमण हटा लिया था.

निगम की टीम में ये कर्मी रहे शामिल

अभियान में टैक्स दारोगा प्रदीप मेहता, अमीन सत्येंद्र मेहता, राजन सिंह, इस्तेयाक शाह, सेरान खान, जितेंद्र कुमार सहित कई निगम कर्मी शामिल थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola