हुसैनाबाद के स्कूलों में निरीक्षण करने पहुंची उप सचिव, अव्यवस्था देख शिक्षकों को लगायी फटकार
बैठक करते उप सचिव | Prabhat Khabar Network
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की उप सचिव जयंती देवगम ने हुसैनाबाद अनुमंडल के तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया. उर्दू मध्य विद्यालय हुसैनाबाद और पतरिया पीएम श्री विद्यालय में अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और शिक्षकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए.
हुसैनाबाद (पलामू): जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के विद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की उप सचिव जयंती देवगम को कई स्तर पर लापरवाही मिली. अभियान के तहत उन्होंने तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया. इस दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, अभिलेखों के संधारण, उपलब्ध संसाधनों के रखरखाव और पीएम श्री विद्यालय के अनुरूप संचालन व्यवस्था की जांच की गई. व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उप सचिव ने नाराजगी जताई और संबंधित शिक्षकों को सुधार के निर्देश दिए.
उर्दू मध्य विद्यालय में अव्यवस्था पर जतायी नाराजगी
सबसे पहले उप सचिव ने उर्दू मध्य विद्यालय हुसैनाबाद का निरीक्षण किया. विद्यालय की व्यवस्था अव्यवस्थित मिली. यहां प्रविष्टि फॉर्म भरा हुआ नहीं पाया गया. विद्यालय में उपलब्ध सामग्रियों का भी समुचित रखरखाव नहीं किया जा रहा था. प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्य के प्रति उदासीन मिले. उप सचिव ने विद्यालय की व्यवस्था में तत्काल सुधार करने और शैक्षणिक कार्यों को गंभीरता से संचालित करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के उचित रखरखाव और अभिलेखों को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया.
ये भी पढ़ें- झारखंड में उर्दू शिक्षकों के 7232 पद खाली, बहाली का इंतजार करते बीते दो साल

मध्य विद्यालय मोहम्मदगंज की स्थिति अपेक्षाकृत संतोषजनक
इसके बाद उन्होंने मध्य विद्यालय मोहम्मदगंज का निरीक्षण किया. यहां विद्यालय की स्थिति अपेक्षाकृत संतोषजनक पाई गई. हालांकि निर्धारित गतिविधियों के संचालन और पंजी के संधारण में सुधार की जरूरत बतायी गयी. उप सचिव ने सभी गतिविधियों को ससमय पूरा करने और संबंधित पंजी को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया. तीसरे चरण में स्तरोन्नत उच्च विद्यालय पतरिया, मोहम्मदगंज का निरीक्षण किया गया. यहां भी विद्यालय की स्थिति खेदजनक मिली. विद्यालय में पीएम श्री विद्यालय के अनुरूप संचालन व्यवस्था नहीं पाई गई. इस पर उप सचिव ने विद्यालय प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने का निर्देश दिया.
विद्यार्थियों को नियमित अखबार पढ़ने की दी सलाह
निरीक्षण के दौरान उप सचिव जयंती देवगम ने विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं को भी प्रोत्साहित किया. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि समय का सदुपयोग पढ़ाई में करें और अपने जीवन के उद्देश्य को हासिल करने के लिए नियमित रूप से अध्ययन करें. उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभी से अखबार पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए. साथ ही विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय आने की सलाह दी. निरीक्षण के दौरान उज्ज्वल मिश्र, बीपीओ मनोज तिवारी और शशिकांत कुमार को समय-समय पर विद्यालयों का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया. उप सचिव ने कहा कि नियमित अनुश्रवण से विद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें- पेड़ के नीचे बैठी युवती को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने लगे परिजन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए