छह महीने में ही दरक गयी करोड़ों की सड़क, जगह-जगह पड़ी दरारें; जिप सदस्य बोले- अब आंदोलन ही रास्ता
सड़क में बनी दरारें | Prabhat Khabar Network
पाटन में करोड़ों की लागत से बनी गम्हेथा सड़क निर्माण के छह महीने में ही जगह-जगह से टूटने लगी है. स्थानीय लोगों और जिला परिषद सदस्य जयशंकर सिंह ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
पाटन से रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट
पाटन. प्रखंड के गम्हेथा जाने वाली सड़क निर्माण के महज छह महीने के भीतर ही जगह-जगह दरारें पड़ने लगी हैं. सड़क की यह बदहाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसमें बरती गयी घोर अनियमितता की पोल खोल रही है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दिन के उजाले में तो सड़क की दरारें दिख जाती हैं, लेकिन रात के अंधेरे में बाइक सवार और अन्य वाहन चालक अक्सर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं.
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
छह महीने में सड़क की हालत खराब
सड़क की दुर्दशा पर पाटन पश्चिमी के जिला परिषद सदस्य जयशंकर सिंह उर्फ संग्राम सिंह ने गहरा रोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क का छह महीने में ही दरक जाना साबित करता है कि निर्माण में गुणवत्ता मानकों और प्राक्कलन की पूरी तरह अनदेखी की गयी है.
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के बाद इतनी कम अवधि में दरारें पड़ना गंभीर विषय है और इसकी जांच होनी चाहिए.
जिप सदस्य ने व्यवस्था पर कसा तंज
व्यवस्था पर तंज कसते हुए जिप सदस्य जयशंकर सिंह ने कहा, "हर डाल पर उल्लू बैठा है, अंजाम-ए-गुलिस्तां क्या होगा."
उन्होंने आरोप लगाया कि पदाधिकारी बदलते रहते हैं, लेकिन व्यवस्था जस की तस बनी रहती है. उनके अनुसार, सड़क निर्माण के नाम पर सरकारी पैसों की बंदरबांट की गयी है.
कहा- अब आंदोलन ही एकमात्र रास्ता
जयशंकर सिंह ने स्पष्ट किया कि अब आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इस मामले को लेकर उपायुक्त से मिलेंगे और सड़क निर्माण की तकनीकी व निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेंगे.
उन्होंने कहा कि यदि प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं पाया गया, तो संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए