‘मलय डैम घुमाय देबो’ गीत का प्रमोशन, क्रिएटर मिलन समारोह में सम्मानित हुए कलाकार
कार्यक्रम का उद्घाटन करते पूर्व विधायक हरे राम सिंह व अन्य लोग। कार्यक्रम में आए लोग। | Prabhat Khabar Network
मलय डैम परिसर में लोक गायक दिनेश मोहक के नागपुरी गीत ‘मलय डैम घुमाय देबो’ का प्रमोशन और क्रिएटर मिलन समारोह आयोजित हुआ. इस कार्यक्रम का उद्देश्य गीत-संगीत के माध्यम से मलय डैम की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देना था. गीत पर उत्कृष्ट रील बनाने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया.
सतबरवा. प्रखंड क्षेत्र स्थित मलय डैम परिसर में रविवार को लोक गायक दिनेश मोहक द्वारा गाये गये नागपुरी गीत ‘मलय डैम घुमाय देबो’ के प्रमोशन सह क्रिएटर मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य मलय डैम की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को गीत-संगीत के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाना था.
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सह राष्ट्रीय चेरो जनजाति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरेराम सिंह चेरो, राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य सह महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक अवधेश सिंह चेरो, मुखिया संघ के अध्यक्ष गिरवर प्रसाद राम, उप प्रमुख कामाख्या नारायण यादव, अर्जुन सिंह, मुखिया रिंकी यादव और पूर्व मुखिया संजय मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
कार्यक्रम के दौरान ‘मलय डैम घुमाय देबो’ गीत का प्रमोशन किया गया. साथ ही मलय डैम की प्राकृतिक खूबसूरती, पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ती पहचान और सोशल मीडिया के माध्यम से इसके प्रचार-प्रसार को लेकर चर्चा की गयी. गीत पर सोशल मीडिया रील बनाकर अच्छा प्रदर्शन करने वाले क्रिएटरों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर हरेराम सिंह चेरो ने कहा कि ऐसे गीत और रचनात्मक प्रयास मलय डैम को पर्यटन के नक्शे पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. अवधेश सिंह चेरो ने कहा कि दिनेश मोहक उभरते लोक गायक और अभिनय कलाकार हैं. उनके मलय डैम से जुड़े गीतों के माध्यम से सैलानियों की संख्या बढ़ रही है.
कार्यक्रम में लोक गायक दिनेश मोहक, कलाकार, गीतकार, क्रिएटर और स्थानीय लोग मौजूद रहे. कलाकारों और सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने भी अपने अनुभव साझा किये. मौके पर सांसद प्रतिनिधि धीरज कुमार, रवि प्रसाद, अनुज चंद्रवंशी, अनिल सिंह, महेश यादव, जामवंत यादव, भरदुल सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए