मेदिनीनगर: शांति की महारानी महागिरजाघर में पल्ली दिवस पर उमड़े विश्वासी, बिशप ने की मिस्सा पूजा
विशप के साथ पुरोहित व मसीही विश्वासी | Prabhat Khabar Network
मेदिनीनगर के शांति की महारानी महागिरजाघर में पल्ली दिवस धूमधाम से मनाया गया. बिशप थियोडोर मस्करेनहास ने माता मरियम के जीवन से सेवा की सीख लेने का संदेश दिया.
मेदिनीनगर. जिला मुख्यालय स्थित शांति की महारानी महागिरजाघर में पल्ली दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में पल्ली परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में मसीही विश्वासी शामिल हुए. धार्मिक अनुष्ठान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. चर्च परिसर में पवित्र जुलूस निकाला गया. भजन गाते हुए मसीही विश्वासी माता मरियम की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे. यहां प्रार्थना कर पल्ली को माता मरियम को समर्पित किया गया. इसके बाद पवित्र मिस्सा पूजा हुई.
आपके शहर में
बिशप थियोडोर मस्करेनहास ने करायी मिस्सा पूजा
डालटनगंज धर्म प्रांत के धर्माध्यक्ष थियोडोर मस्करेनहास ने मुख्य अनुष्ठाता के रूप में विधि-विधान से मिस्सा अनुष्ठान संपन्न कराया. उन्होंने पल्ली परिवारों की आध्यात्मिक उन्नति और आपसी एकता के लिए मिस्सा अर्पित किया. अपने संबोधन में बिशप ने माता मरियम को विनम्र और दयालु बताया. उन्होंने कहा कि ईश्वर अपनी कृपा से सभी को ऊपर उठाते हैं और पवित्र बने रहने तथा सेवा करने के लिए अपनी पवित्र आत्मा भेजते हैं. उन्होंने कहा कि माता मरियम को जब दूत गेब्रियल से खुशखबरी मिली, तो वह अपनी कुटुंबिनी एलिजाबेथ की सेवा के लिए चली गयीं. हमारा विश्वास हमें सेवा की ओर ले जाता है. माता मरियम के आदर्श जीवन से सभी को सीख लेनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: पाटन: डेढ़ KM की सड़क के लिए तरस रहा भुइयां टोला, पगडंडी के सहारे आवागमन करने को मजबूर ग्रामीण
कार्यक्रम में दिखी आदिवासी संस्कृति
मिस्सा पूजा के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. विभिन्न यूनिट और युवा समूहों ने गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी. युवाओं ने आदिवासी नृत्य और गीतों के माध्यम से जल, जंगल और जमीन बचाने का संदेश दिया. प्रस्तुतियों के माध्यम से ईश्वर की रचना और प्रकृति की रक्षा करने का आह्वान भी किया गया. कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
ये भी पढ़ें: पलामू: 17 साल देश सेवा, फिर कारगिल में शहादत - 27 साल बाद पैतृक गांव तुकबेरा में लगी शहीद प्रबोध महतो की प्रतिमा
कई धर्मगुरु और श्रद्धालु हुए शामिल
कार्यक्रम में फादर संजय गिद्ध, फादर क्रिस्टोफर डुंगडुंग, फादर राजेंद्र तिर्की, फादर संतोष एक्का, फादर संजीवन खाखा, फादर एंथनी फर्नांडीस, फादर मंजीत, विवेक सदन के फादर सेबेस्टियन, साधना सदन के निदेशक फादर वाल्टर हेमरोम और फादर सुधीर टुडू सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. अंत में पल्ली पुरोहित और कैथोलिक सभा के अध्यक्ष विनय टोप्पो ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए