पलामू में पत्नी को युवक के साथ देख पति ने रोकी बाइक, मारपीट के बाद सड़क पर हंगामा
पांकी रोड के जीएलए कॉलेज के पास मारपीट के दौरान लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
पलामू के जीएलए कॉलेज के पास पत्नी को दूसरे युवक के साथ देख पति भड़क गया। सड़क पर आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला, पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया।
पलामू. पांकी रोड शहर थाना क्षेत्र के जीएलए कॉलेज गेट के पास शुक्रवार की दोपहर एक महिला को बाइक पर एक युवक के साथ देखे जाने के बाद पति ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद पति, पत्नी और युवक के बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक हंगामा होता रहा. घटना देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया.
पुलिस तीनों को थाना ले गयी
घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस पति, पत्नी और बाइक सवार युवक को पूछताछ के लिए थाना ले गयी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.
जानकारी के अनुसार, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव निवासी रवि कुमार को पिछले कुछ समय से पत्नी के व्यवहार को लेकर संदेह था. रवि के अनुसार, शादी के करीब चार वर्ष बाद से उसकी पत्नी अक्सर किसी न किसी बहाने मायके चली जाती थी. रवि परिवार के साथ पंजाब में मजदूरी करता है. हालांकि, पिछले करीब छह माह से वह अपने भाई के साथ गांव में रह रहा था.
पत्नी के मायके में फोन कर ली जानकारी
शुक्रवार की सुबह रवि ने तरहसी थाना क्षेत्र के नावा स्थित पत्नी के मायके में फोन कर उसके बारे में जानकारी ली. वहां से उसे बताया गया कि पत्नी घर पर नहीं है. इसके बाद रवि को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी एक युवक के साथ बाइक से निकली है. वह उसकी तलाश में निकल पड़ा.
बताया गया कि पीछा करते हुए रवि जीएलए कॉलेज के पास पहुंचा, जहां उसने पत्नी को कथित रूप से मुकेश कुमार मेहता नामक युवक के साथ बाइक पर देखा. इसके बाद उसने बाइक रुकवायी और मुकेश को नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई होने लगी.
करीब आधे घंटे तक सड़क पर हंगामा होने के कारण आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. पुलिस तीनों को थाना ले गयी, जहां उनसे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए