पलामू: शेरघाटी-कजरी रेल लाइन को मिली 2,627 करोड़ की मंजूरी, छतरपुर में सांसद बीडी राम का अभिनंदन
अभिनंदन समारोह में बोलते पलामू सांसद वीडी राम व अन्य | Prabhat Khabar Network
शेरघाटी-छतरपुर-कजरी नई रेल लाइन परियोजना को मिली मंजूरी। सांसद वीडी राम ने कहा, इससे क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे और लोगों को मिलेगी बड़ी सौगात।
छतरपुर. शेरघाटी से कजरी तक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन के निर्माण के लिए 2,627.29 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत होने पर शुक्रवार को छतरपुर बाजार स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में भाजपा की ओर से पलामू सांसद बीडी राम का अभिनंदन किया गया. भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सांसद का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया.
स्वीकृत परियोजना के तहत शेरघाटी से कजरी तक 107.894 किमी लंबी नई रेल लाइन का निर्माण किया जाना है. स्थानीय लोगों ने कहा कि परियोजना पूरी होने से छतरपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की मांग पूरी होगी. इससे आवागमन के साथ व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति जताया आभार
अभिनंदन समारोह में सांसद बीडी राम ने परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पलामू संसदीय क्षेत्र में कई बड़ी विकास परियोजनाओं को गति मिल रही है. शेरघाटी-कजरी रेल लाइन क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है. इसके निर्माण से पलामू के पिछड़े इलाकों को बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी.
सांसद ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में रेलवे, सड़क और सिंचाई समेत करीब 40 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है. इन परियोजनाओं से पलामू और गढ़वा जिलों की आधारभूत संरचना मजबूत होगी.
मौके पर जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, ईश्वरी पांडेय, राम प्रसाद, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, छतरपुर मंडल अध्यक्ष सुधीर सिन्हा, नौडीहा बाजार मंडल अध्यक्ष रौशन सिंह, लठेया मंडल अध्यक्ष कमलेश गुप्ता समेत भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए