APK फाइल पर क्लिक करते ही हैक हुआ मोबाइल और बैंक खाते से उड़ गए 88,955 रुपए
हैकर ने मोबाइल कब्जे में लेकर खाते से उड़ाए 88,955 रुपए
हैदरनगर में एक युवक के साथ साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मोबाइल पर एक APK फाइल पर क्लिक करने के बाद उसका फोन हैक हो गया और बैंक खाते से ₹88,955 की रकम उड़ा ली गई. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अनजान लिंक से बचने की अपील की है.
हुसैनाबाद (पलामू): हैदरनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है. साइबर ठगों ने मोबाइल पर भेजी गई APK फाइल के जरिए एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 88,955 रुपए की अवैध निकासी कर ली. पीड़ित की पहचान मेन रोड, हैदरनगर निवासी राज कुमार गुप्ता के रूप में हुई है. पीड़ित राज कुमार गुप्ता के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया था. मैसेज के साथ एक APK फाइल अटैच थी. जैसे ही उन्होंने उस फाइल पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया. इसके बाद उनके व्हाट्सएप समेत अन्य ऐप्स पर भी किसी दूसरे व्यक्ति का नियंत्रण हो गया.
ये भी पढ़ें- दो दिन से लापता थी नाबालिग, घर के पास कुएं में मिली लाश; जांच में जुटी पुलिस
तीन बार में खाते से निकाले 88,955 रुपए
मोबाइल हैक होने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके केनरा बैंक खाते का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया. बिना अनुमति के तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल 88,955 रुपए की निकासी कर ली गई. पीड़ित के अनुसार, पहली बार 19,955 रुपए, दूसरी बार 30,000 रुपए और तीसरी बार 39,000 रुपए निकाले गए. घटना की जानकारी होने के बाद राज कुमार गुप्ता शिकायत लेकर हैदरनगर थाना पहुंचे. वहां पुलिस ने मामला साइबर अपराध से जुड़ा होने की बात कहते हुए साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा. इसके बाद पीड़ित ने मामले की जांच, ठगी की राशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें- विनोबा भावे विश्वविद्यालय का 35वां स्थापना दिवस कल, जामिया के कुलपति प्रो. मज़हर आसिफ होंगे मुख्य अतिथि
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
पुलिस के अनुसार, मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा है और इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या लॉटरी से संबंधित मैसेज पर क्लिक न करें. इस तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाना से संपर्क करें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए