अहले सुबह घर में घुसा 12 चक्का ट्रक, बाल-बाल बचा पूरा परिवार
अनियंत्रित ट्रक ने मकान को किया क्षतिग्रस्त | Prabhat Khabar Network
पलामू के नावा बाजार में एनएच-98 पर छरी लदा ट्रक कच्चे मकान में जा घुसा. गनीमत रही कि परिवार सुरक्षित है, लेकिन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.
नावा बाजार (पलामू): पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के मेदिनीनगर-औरंगाबाद एनएच-98 पर बाना गांव में रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे बड़ा हादसा होने से टल गया. छरी लदा 12 चक्का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कच्चे मकान में जा घुसा. हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जानमाल की क्षति नहीं हुई. दुर्घटना में ट्रक चालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है.
स्कूल भवन के पास अनियंत्रित हुआ ट्रक
जानकारी के अनुसार, छरी लदा ट्रक मेदिनीनगर की ओर से छतरपुर की तरफ जा रहा था. बाना गांव में स्कूल भवन के समीप अचानक चालक का ट्रक पर नियंत्रण बिगड़ गया. तेज रफ्तार ट्रक सड़क से नीचे उतर गया और रिंकू भुईयां और सुरेंद्र भुईयां के कच्चे मकान में जा घुसा. ट्रक के मकान में घुसते ही जोरदार आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए.
ये भी पढ़ें- हरितालिका तीज को लेकर हुसैनाबाद बाजार में बढ़ी रौनक, खरीदारी के लिए उमड़ी महिलाओं की भीड़
घर में नहीं सो रहे थे परिवार के सदस्य
घटना के वक्त परिवार के सदस्य मकान में नहीं सो रहे थे. इस कारण बड़ी अनहोनी टल गई. ग्रामीणों का कहना है कि यदि परिवार के लोग उस समय घर के अंदर सो रहे होते, तो हादसा काफी भयावह हो सकता था. दुर्घटना में गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह टूट गया है. मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की स्थिति का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक अनियंत्रित होने की वजह क्या थी और क्या वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप लदा हुआ था.
ये भी पढ़ें- चोरी की दो बाइक बरामद, एक के मालिक ने वर्ष 2019 में दर्ज कराई थी प्राथमिकी
ग्रामीणों ने भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग की
हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनएच किनारे बसे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. ग्रामीणों ने तेज रफ्तार और भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए