पाकुड़ के प्रसिद्ध जटाधारी शिव मंदिर में बड़ी चोरी, चांदी का चदरा और दानपेटी उखाड़ ले गए चोर

Updated:
विज्ञापन

चोरी के बाद जटाधारी मंदिर परिसर में जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ के जटाधारी शिव मंदिर में चोरों ने मचाया आतंक! ताला तोड़ दानपेटी, चांदी के आभूषण और शिवलिंग से चदरा भी उखाड़ ले गए. श्रद्धालुओं में आक्रोश.

विज्ञापन

पाकुड़ : शहर के प्रसिद्ध जटाधारी शिव मंदिर में रविवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में घुसे चोर दानपेटी, चांदी के आभूषण समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गये. चोरों ने शिवलिंग में लगा चांदी का चदरा भी उखाड़ लिया. इसके अलावा शिवलिंग के घेरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन
चोरी के बाद जटाधारी मंदिर परिसर में जुटी भीड़ और जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
चोरी के बाद जटाधारी मंदिर परिसर में जुटी भीड़ और जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

सुबह पूजा के लिए पहुंचे तो टूटा मिला ताला

घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब आसपास के लोग और मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे. मंदिर का ताला टूटा हुआ देखकर उन्होंने तत्काल मंदिर समिति और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

चार ताले तोड़कर दानपेटी से राशि ले गये

मंदिर के पुजारी गौरव कुमार चौबे ने बताया कि दानपेटी में श्रद्धालुओं द्वारा दान की गयी राशि जमा थी. दानपेटी में चार ताले लगे थे, जिन्हें चोरों ने तोड़ दिया और उसमें रखी राशि लेकर फरार हो गये. चोरों ने मंदिर में लगे अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया है.

बार-बार चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश

मंदिर समिति के सदस्य उत्तम कुमार पांडे ने बताया कि जटाधारी शिव मंदिर शहर के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. मंदिर में चोरी की घटना कोई नई बात नहीं है. बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में आक्रोश है और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ रात में चौकीदार की तैनाती की मांग की.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने जल्द ही मामले का उद्भेदन कर चोरों को गिरफ्तार करने की बात कही है.

पर्यटन विभाग की सूची में शामिल है मंदिर

बताया गया कि जटाधारी शिव मंदिर को पर्यटन विभाग की सूची में शामिल किया गया है. ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश है. लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नियमित निगरानी की व्यवस्था कराने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola