बिस्तर पर सो रहा था 5 दिन का मासूम, मां लौटी तो गायब; डॉग स्क्वायड भी नहीं ढूंढ सका सुराग

Updated:
विज्ञापन

तलवा डंगा गांव में डॉग स्क्वायड के साथ छानबीन करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ में 5 दिन का नवजात रहस्यमय ढंग से गायब. 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, डॉग स्क्वायड भी बेबस. जानिए पूरा मामला.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, पाकुड़. नगर थाना क्षेत्र के महुआ डंगा-तलवा डंगा गांव से पांच दिन के नवजात के रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला गंभीर होता जा रहा है. घटना के 24 घंटे बाद भी नवजात का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अब खोजी कुत्ते की मदद ली है. मंगलवार को दुमका सीआईडी डॉग स्क्वायड की टीम गांव पहुंची और नवजात की तलाश में सघन तलाशी अभियान चलाया.

आपके शहर में

विज्ञापन

डॉग स्क्वायड की टीम में शामिल ट्रैकर राहुल कुमार और जय जोसेफ मरांडी ने बताया कि नवजात की खोज के लिए टीम पाकुड़ पहुंची है. बच्चे की तलाश की जा रही है और संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक नवजात का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.

घर से करीब 20 मिनट में गायब हो गया मासूम

गौरतलब है कि 25 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे महुआ डंगा निवासी रसका सोरेन का पांच दिन का मासूम घर से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया . घटना के समय बच्चे की मां बुधिन हांसदा घर से कुछ दूरी पर कपड़े धो रही थी, जबकि बच्चे के दादा-दादी दूसरे कमरे में सो रहे थे.

करीब 20 मिनट बाद जब मां घर लौटी तो बच्चा बिस्तर से गायब था. घर में नवजात के नहीं मिलने से परिजन घबरा गये और आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला.

मुखिया के माध्यम से पुलिस को दी गयी सूचना

घटना की जानकारी पंचायत के मुखिया नीपू सरदार को दी गयी. मुखिया के माध्यम से नगर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात की तलाश शुरू की.

पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन की, लेकिन तत्काल कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को दुमका सीआईडी डॉग स्क्वायड की मदद ली गयी.

घर-घर और झाड़ियों-खेतों में चला तलाशी अभियान

डॉग स्क्वायड की टीम ने गांव में घर-घर जाकर तलाशी ली. इसके अलावा आसपास की झाड़ियों, खेतों और अन्य संभावित स्थानों को भी खंगाला गया. टीम ने नवजात के घर और आसपास के इलाके से संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया.

नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नवजात की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है. खोजी कुत्ते की मदद ली गयी है और मामले के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है.

नवजात के नहीं मिलने से गांव में दहशत

24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मासूम का पता नहीं चलने से गांव में दहशत का माहौल है. घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.

पुलिस का कहना है कि नवजात की तलाश के साथ घटना के कारणों और संभावित रूप से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक बच्चे की बरामदगी नहीं हो सकी थी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola