27 साल की परंपरा, अब 28वें गणपति महोत्सव की तैयारी; पाकुड़ रेलवे मैदान में सजेगा भव्य पंडाल

Updated:
विज्ञापन

गणेश पूजा को लेकर पंडाल बनाते कारीगर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पाकुड़ के रेलवे मैदान में 14 से 17 सितंबर तक 28वां गणपति महोत्सव आयोजित होगा.पूजा को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर है.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, पाकुड़: गणेश चतुर्थी को लेकर पाकुड़ शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों तक उत्साह बढ़ने लगा है. शहर के विभिन्न हिस्सों में पूजा पंडालों के निर्माण का काम शुरू हो गया है. वहीं, पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रेलवे मैदान में भी गणेश पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.

विज्ञापन

पूजा समिति के सदस्य पंडाल निर्माण, सजावट, विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.

27 वर्षों से जारी है गणपति पूजा की परंपरा

पाकुड़ रेलवे मैदान में गणेश पूजा का आयोजन पिछले 27 वर्षों से लगातार किया जा रहा है. रेलवे स्टेशन परिसर स्थित गणेश पूजा समिति के संस्थापक हिसाबी राय ने बताया कि गणेश पूजा की यह परंपरा पाकुड़वासियों के लिए आस्था और गौरव का विषय बन चुकी है.

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसी कठिन परिस्थितियों में भी गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की परंपरा को यथासंभव जारी रखा गया.

14 से 17 सितंबर तक होगा 28वां गणपति महोत्सव

गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 से 17 सितंबर 2026 तक पाकुड़ रेलवे मैदान में 28वें गणपति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा.

सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, रेलवे मैदान की ओर से महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है. पूजा पंडाल के निर्माण के साथ-साथ सजावट, विद्युत व्यवस्था और रंग-बिरंगी रोशनी का काम तेजी से चल रहा है.

समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में युवा भी तैयारियों में जुटे हैं.

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगी पूजा-अर्चना

गणेश चतुर्थी के अवसर पर रेलवे मैदान में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी. वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी.

पूजा में पाकुड़ शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए पूजा स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है.

गणेश पूजा से बाजारों में भी बढ़ी रौनक

गणेश पूजा को लेकर पाकुड़ के बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गयी है. पूजा सामग्री, सजावटी सामान और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है.

दुकानों पर गणेश प्रतिमा, पूजा सामग्री और सजावट के सामान की मांग बढ़ी है. इससे बाजार में भी त्योहार का रंग नजर आने लगा है.

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा पर खास फोकस

गणेश पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी में जुटा है.

नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पूजा स्थल सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola