पाकुड़ में रक्त की कमी दूर करने की तैयारी, 18-24-28 सितंबर को लगेंगे विशेष कैंप
बैठक करती डीसी मेघा भारद्वाज | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ जिले में रक्त की कमी दूर करने के लिए जिला प्रशासन 18, 24 और 28 सितंबर को विशेष रक्तदान शिविर आयोजित करेगा. अधिक से अधिक रक्तदान की अपील की गई है.
संवाददाता, पाकुड़: जिले में रक्त की उपलब्धता को मजबूत करने और आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन विशेष रक्तदान अभियान चलाएगा. इसे लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से बैठक हुई.
बैठक में जिले के रक्त भंडार में विभिन्न रक्त समूहों की वर्तमान उपलब्धता की समीक्षा की गयी. कई रक्त समूहों की उपलब्धता कम मिलने पर उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लिया और व्यापक स्तर पर स्वैच्छिक रक्तदान कराने का निर्देश दिया.
18, 24 और 28 सितंबर को जिला स्तर पर कैंप
उपायुक्त के निर्देश पर 18, 24 और 28 सितंबर को जिला स्तर पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किये जाएंगे. वहीं 24 सितंबर को प्रखंड स्तर पर भी रक्तदान शिविर लगाया जाएगा.
अभियान के लिए विभागवार, प्रखंडवार और पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है. संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक रक्तदाताओं को प्रेरित कर शिविर तक लाने की जिम्मेदारी दी गयी है.
शिक्षा और पुलिस विभाग को मिली खास जिम्मेदारी
उपायुक्त ने शिक्षा और पुलिस विभाग को रक्तदान अभियान में विशेष भूमिका निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दोनों विभागों में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मी और अन्य सदस्य कार्यरत हैं. ऐसे में अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सकता है.
पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, गृह रक्षक बल, समाहरणालय कर्मी, नगर निकाय और तकनीकी विभाग समेत अन्य विभागों को भी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है.
सिर्फ आयोजन नहीं, परिणाम पर रहेगा जोर
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रक्तदान अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे परिणामोन्मुख बनाया जाए.
रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देने के साथ बेहतर सहभागिता करने वाले विभागों और संस्थानों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा. रक्तदान के महत्व को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया.
आम लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील
उपायुक्त ने अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है. पात्र नागरिक स्वयं रक्तदान करने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
रक्त भंडार को और मजबूत करने की तैयारी
बैठक में जिले के रक्त भंडार की आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गयी. रक्तदान और रक्त संग्रहण के लिए पृथक कक्ष की आवश्यकता को लेकर किए गए आकलन और प्रस्तावित प्रारूप पर भी चर्चा हुई.
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने और रक्त भंडार की व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में कमी न हो.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए