24 घंटे बाद भी ज्वेलरी दुकान के लुटेरों का सुराग नहीं, CCTV में खंगाला जा रहा भागने का रास्ता
अमड़ापाड़ा के मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लाखों की लूट से सनसनी फैल गई है. घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा पाई है. पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर भागने के रास्ते का पता लगा रही है.
अमड़ापाड़ा : अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की लूट की घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वारदात के करीब 24 घंटे बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है. हालांकि, अब तक तीनों हथियारबंद लुटेरों का कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है.
आपके शहर में
दुकान मालिक के पुत्र आकाश वर्मा के लिखित आवेदन के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/26 दर्ज किया गया है. आवेदन के अनुसार, हथियार से लैस तीन अपराधी दुकान में पहुंचे और सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 13 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति लूटकर पल्सर बाइक से फरार हो गये. घटना के बाद से पुलिस अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है.
CCTV फुटेज से भागने के रास्ते की तलाश
पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए मुख्य बाजार से लेकर आसपास के गली-मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. वारदात के बाद अपराधी किस रास्ते से फरार हुए और आगे उन्होंने किस दिशा में रुख किया, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस फुटेज में संदिग्ध बाइक और अपराधियों की गतिविधियों को भी खंगाल रही है.
संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी
अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा के अनुसार, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गयी हैं. टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है.
लूट के बाद कारोबारियों में भय
मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई इतनी बड़ी लूट से स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए