जिले में 15 यूनिट रक्त संग्रह, 81 थैलेसीमिया मरीजों के लिए जीवनरेखा बना रक्तदान
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 14 Jun 2026 5:29 PM
विश्व रक्तदाता दिवस पर पाकुड़ जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। जिले में 81 थैलेसीमिया मरीजों को नियमित रूप से रक्त की जरूरत है। सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने रक्तदान को महादान बताया और सभी से नियमित रक्तदान की अपील की। लगातार रक्तदान करने वाले कई लोगों ने जरूरतमंदों की जान बचाने का संकल्प लिया।
प्रतिनिधि, पाकुड़ विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिले के रक्त अधिकोष गृह सहित विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस दौरान अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले भर में कुल 15 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया. पाकुड़ रक्त अधिकोष गृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार, डॉ. प्रीति साहू, विनोद कुमार वर्मा तथा अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदान के साथ यह संकल्प भी लिया कि रक्त की कमी के कारण किसी व्यक्ति की जान न जाए और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जाए. रक्तदान को बताया महादान सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाकर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जाता है. उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति तीन महीने के अंतराल पर रक्तदान कर सकता है. इससे शरीर को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता. उन्होंने जिलेवासियों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की ताकि मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके. 81 थैलेसीमिया मरीजों को नियमित रक्त की जरूरत स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 81 थैलेसीमिया मरीज हैं, जिन्हें नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है. अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि मरीजों की स्थिति के अनुसार किसी को महीने में एक बार तो किसी को 15 दिन के अंतराल पर रक्त की जरूरत होती है. रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रक्तदाताओं और सामाजिक संगठनों से सहयोग लिया जाता है. रक्तदाताओं ने पेश की मिसाल जिले में कई रक्तदाता लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं. इसाकपुर निवासी नूरुज्जामन 36 बार बी नेगेटिव और चाचकी निवासी मुकलेश्वर शेख 26 बार ओ पॉजिटिव रक्तदान कर चुके हैं. वहीं सत्य सनातन संस्था के चंदन प्रकाश 18 बार और विशाल भगत 13 बार रक्तदान कर चुके हैं. रक्तदाताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे पाकुड़ ही नहीं, अन्य जिलों में भी जाकर रक्तदान करते हैं, ताकि किसी मरीज की जान रक्त के अभाव में न जाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










