आधी रात BSNL टावर में चोरी: ग्रामीण जागे तो बाइक छोड़ भागे चोर
अज्ञात चोरों ने वेन सहित बाइक गांव में छोड़कर भागे | Prabhat Khabar Network
दरजमाठ में बंद पड़े BSNL टावर से तांबे के तार चोरी करने आए चोर ग्रामीणों के जागने से नाकाम रहे. मौके पर छूटी बाइक पुलिस के लिए अहम सुराग.
प्रतिनिधि हिरणपुर. दराजमाठ में वर्षों से बंद पड़े बीएसएनएल टावर को बुधवार देर रात चोरों ने निशाना बनाया. चोर टावर के ऊपर से नीचे तक लगे तांबे के तार को काटकर निकाल रहे थे और चोरी किए गए तार को बाइक से जुड़ी वैन में लोड कर रहे थे. इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों की नींद खुल गई और लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
आपके शहर में
ग्रामीणों के जागते ही मची अफरा-तफरी
ग्रामीणों के हल्ला करने पर चोरों में अफरा-तफरी मच गई. बताया जाता है कि तीन चोर मौके से भाग निकले. भागने की जल्दबाजी में वे अपनी बाइक वहीं छोड़ गए. चोरी किए गए तांबे के तार को चोर वैन में लोड कर चुके थे. ग्रामीणों के जाग जाने के कारण वे चोरी का सामान लेकर फरार होने में सफल नहीं हो सके.
मौके पर छूटी बाइक बनी अहम सुराग
घटनास्थल पर चोरों की बाइक छूट जाने से पुलिस को मामले के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है. मौके से बरामद बाइक का नंबर जेएच16आई/7899 बताया जा रहा है. पुलिस बाइक के आधार पर उसके मालिक और चोरी की घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
रात करीब डेढ़ बजे दिया घटना को अंजाम
घटना बुधवार की देर रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार बीएसएनएल का उक्त टावर लंबे समय से बंद पड़ा है. टावर की देखरेख की जिम्मेदारी अब्दुल वहाब अंसारी द्वारा किए जाने की बात सामने आई है. बंद पड़े टावर को चोरों ने सुनसान समझकर निशाना बनाया, लेकिन ग्रामीणों की सक्रियता से चोरी की वारदात पूरी नहीं हो सकी.
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में चोरी के प्रयास को लेकर चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी में शामिल लोगों की पहचान और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मौके पर छूटी बाइक समेत अन्य सुरागों के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है.
इस संबंध में थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. मामले की छानबीन की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए