करमा पर्व पर झारखंडी संस्कृति के रंग में रंगा नवाडी पाड़ा स्कूल, बच्चों ने पेश किया पारंपरिक नृत्य
फोटो अतिथि का पगड़ी पोसी करती छात्रा | Prabhat Khabar Network
नवाडी पाड़ा स्कूल में करमा पर्व का आयोजन धूमधाम से हुआ. छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक गीतों और नृत्यों से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की. यह पर्व प्रकृति प्रेम और भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक है.
लोहरदगा. झारखंड की समृद्ध लोकपरंपरा, प्रकृति प्रेम और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक करमा पर्व के अवसर पर पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय नवाडी पाड़ा में करमा मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक गीत और नृत्य प्रस्तुत कर झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक पेश की.
मुख्य अतिथि शिक्षक सुकरा उरांव का विद्यालय परिवार की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार परछन कर स्वागत किया गया. उन्हें पगड़ी बांधकर एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि ने करमा और धरमा की कथा तथा करम डाली की पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने बच्चों को सदैव सच बोलने, छल-प्रपंच से दूर रहने और अच्छे कर्म करने की सीख दी. इस दौरान उन्होंने करम गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया.
प्रकृति प्रेम और संरक्षण का संदेश
प्रधानाध्यापक अरुण राम ने कहा कि करमा पर्व प्रकृति के प्रति झारखंडवासियों के गहरे प्रेम और सम्मान का प्रतीक है. जवा के रूप में अनाज के कोमल पौधों को विकसित कर पूजा में शामिल करने की परंपरा प्रकृति से जुड़ाव को दर्शाती है.
विज्ञान शिक्षक राहुल कुमार ने कहा कि करमा पर्व भाई-बहन के रिश्ते, प्रेम, भाईचारे और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है.
बच्चों ने प्रस्तुत किया पारंपरिक नृत्य
कार्यक्रम का संयोजन अनूप एक्का एवं सुमित्रा टोप्पो ने किया, जबकि मंच संचालन उजबेला तिर्की ने किया. विभिन्न कक्षाओं के बच्चों ने आकर्षक पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किये. इससे कार्यक्रम स्थल पर झारखंड की लोकसंस्कृति की रंगारंग छटा देखने को मिली.
विद्यालय परिवार की ओर से सखुआ के दोना में गुड़, चना और खीरा प्रसाद के रूप में वितरित किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए