जयकारों के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ व प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 18 Feb 2026 7:57 PM
जयकारों के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ व प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान
सेन्हा़ प्रखंड मुख्यालय स्थित नवनिर्मित दुर्गा मंदिर में बुधवार से नौ दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हो गया. भक्ति और उत्साह के बीच 18 फरवरी से शुरू हुआ यह आध्यात्मिक अनुष्ठान आगामी 27 फरवरी तक चलेगा. बनारस से पधारे विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गयी, इसमें पूरा क्षेत्र भगवती के जयकारों से गुंजायमान रहा. कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब : महायज्ञ के प्रथम दिन आचार्य प्रदीप मिश्रा व सूर्यनारायण पाठक के निर्देशन में यजमान अजय सोनी, नंदकिशोर शुक्ला, अवध किशोर साहू, बिंदेश्वर महतो, राजकुमार साहू, शिवा महतो, राजू साहू, मदन साहू ने सपत्नीक विधि विधान से पूजा-अर्चना की. इसके पश्चात 1401 छोटी बच्चियों और महिलाओं ने माथे पर कलश लेकर दक्षिणी कोयल नदी तट से पवित्र जल भरा. नगर भ्रमण करते हुए यह कलश यात्रा पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची, जिसके बाद यज्ञशाला में अग्नि प्रज्वलन कर शतचंडी यज्ञ का विधिवत श्रीगणेश किया गया. विष्णुचित्त महाराज सुनायेंगे कथा : अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन शाम को विख्यात कथावाचक विष्णुचित्त महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत व देवी महात्म्य पर प्रवचन दिया जायेगा. महायज्ञ के आगामी चरणों में मां दुर्गा, भगवान गणेश और राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया जायेगा, इसके पश्चात शास्त्रीय पद्धति से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी. कार्यक्रम को सफल बनाने में अवनीश पाठक, हर्ष शास्त्री, विपिन शास्त्री, विजय सोनी, जोधनरायण साहू, संतोष महतो, केदारनाथ साहू जैसे सैकड़ों श्रद्धालु सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










