कुड़ू में दर्दनाक सड़क हादसा, शराब लदी गाड़ी और स्कूटी में जोरदार टक्कर से मां-बेटे समेत तीन की मौत

कुड़ू के राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलटी शराब लदी गाड़ी. फोटो: प्रभात खबर
Lohardaga News: लोहरदगा के कुड़ू में एनएच पर शराब लदे वाहन और स्कूटी की टक्कर में मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई. हादसे के बाद हंगामा और जाम की स्थिति बनी रही. पुलिस ने कार्रवाई कर स्थिति संभाली. घायलों का इलाज जारी है, जबकि प्रशासन ने परिजनों को सहायता उपलब्ध कराई है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. नेशनल हाईवे कुड़ू-रांची मुख्य पथ पर ढुलुवाखुंटा के पास शराब लदा मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की टक्कर में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना सुबह करीब 9 बजे की बतायी जा रही है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
परिवार के तीन लोग थे स्कूटी पर सवार
मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र के रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताईन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी (जेएच01बीडी 0695) से मांडर अस्पताल जा रही थीं. उनके पति वहां भर्ती थे, जिन्हें देखने के लिए वे घर से निकली थीं. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मालवाहक गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी.
दो की मौके पर मौत, एक ने रास्ते में तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल विषुण भगताईन को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
शराब लदा वाहन पलटने से हाईवे हुआ जाम
बताया जा रहा है कि रांची से शराब लेकर मालवाहक वाहन (जेएच01एई 4495) पलामू की ओर जा रहा था. टक्कर के बाद वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
शराब लूटने के लिए जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. वाहन में शराब लदी होने की जानकारी मिलते ही कुछ लोग शराब लूटने के प्रयास में जुट गए. स्थिति को बिगड़ता देख थाना प्रभारी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया.
पुलिस की तत्परता से दो घंटे में हटाया गया जाम
घटना की सूचना मिलते ही सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार ने त्वरित कार्रवाई की. आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया था, लेकिन अधिकारियों ने समझा-बुझाकर करीब दो घंटे के भीतर जाम हटवा दिया. इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका.
तीन घायल, दो को रिम्स किया गया रेफर
हादसे में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं. घायलों की पहचान विनत मुंडा, विकास मिंज और टिंकू राम के रूप में हुई है, जो रांची के कांके थाना क्षेत्र के गांधी नगर के निवासी हैं. तीनों का इलाज कुड़ू सीएचसी में चल रहा है, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है.
इसे भी पढ़ें: ‘मुझे मेरे पति से मिलना है’ सुनते ही जल्लाद बन गया ससुर, लाठी से पीटकर बहू को किया अधमरा
प्रशासन ने दी सहायता, जांच जारी
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है. दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता और दो क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गंभीरता को उजागर करता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: रांची के लोगों को जाम से जल्द मिलेगी राहत, ट्रैफिक सिस्टम सुधारने के लिए यातायात पुलिस का बड़ा कदम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




