लोहरदगा में कृषि योजनाओं का स्थल निरीक्षण, किसानों से संवाद कर उपायुक्त ने जाना उत्पादन और आय का हाल
गोपी | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने सेन्हा और भंडरा प्रखंड में कृषि एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं का निरीक्षण कर किसानों से फीडबैक लिया और उन्हें प्रोत्साहित किया.
लोहरदगाः उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना ने शनिवार को सेन्हा और भंडरा प्रखंड का भ्रमण कर कृषि एवं मत्स्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने योजनाओं के लाभुक किसानों से सीधे संवाद कर उत्पादन, बाजार, आय और विभागीय सहयोग की जानकारी ली. उपायुक्त ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादन और आमदनी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.
छह एकड़ में खेती कर रहे प्रगतिशील किसान से ली जानकारी
सेन्हा प्रखंड की तोड़ार पंचायत के चटकपुर गांव में उपायुक्त ने प्रगतिशील किसान रामजीत महतो की करीब छह एकड़ भूमि में हो रही खेती का निरीक्षण किया. किसान किसान समृद्धि योजना और टपक सिंचाई योजना का लाभ लेकर विभिन्न फसलों और सब्जियों की खेती कर रहे हैं.
उपायुक्त ने खेत में टमाटर, बैंगन, गन्ना, लौकी और बीन समेत विभिन्न फसलों का जायजा लिया. उन्होंने किसान से उत्पादन, बाजार की उपलब्धता, फसलों की बिक्री से होने वाली आय और विभागीय सहयोग की जानकारी ली. उन्होंने किसान के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक कृषि पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया.
ये भी पढ़ें- मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, बासी समोसा और 100 किलो खराब रसगुल्ला मिला; 10 हजार का जुर्माना
चार एकड़ में हो रहा मड़ुआ बीज उत्पादन
भंडरा प्रखंड के मसमानो पंचायत अंतर्गत बुड़का गांव के गोपी टोली में उपायुक्त ने 12 किसानों द्वारा करीब चार एकड़ भूमि में किए जा रहे मड़ुआ बीज उत्पादन का निरीक्षण किया. यह उत्पादन कृषि विभाग की NFSNM-Nutri Cereals योजना के तहत किया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन भी किया.
उपायुक्त ने किसानों को मोटे अनाज के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि मड़ुआ (रागी) स्वास्थ्य और पोषण की दृष्टि से बेहद उपयोगी है. योजना के तहत रागी उत्पादन के लिए किसानों को प्रति एकड़ 3,000 रुपये का आर्थिक लाभ दिया जा रहा है. उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण में गंभीरता से भाग लेने और वैज्ञानिक तरीके से मड़ुआ का उत्पादन करने की अपील की. साथ ही गुणवत्तापूर्ण बीज तैयार कर जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया.
पांच किसानों को मिले सोलर पंप सेट
भंडरा प्रखंड कार्यालय परिसर में उपायुक्त ने पीएम किसान समृद्धि योजना के तहत पांच लाभुक किसानों के बीच सोलर पंप सेट का वितरण किया. उन्होंने किसानों से सोलर पंप का उचित और प्रभावी उपयोग करने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था से किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलने के साथ कृषि लागत को कम करने में भी मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें- पलामू में गणेश चतुर्थी की तैयारी तेज, मेदिनीनगर में सजेगा आकर्षक पूजा पंडाल
सात एकड़ में सब्जी की खेती का निरीक्षण
भंडरा प्रखंड के बलसोता गांव में किसान रामदर्शन कुमार की करीब सात एकड़ भूमि में हो रही खेती का भी उपायुक्त ने निरीक्षण किया. किसान पीएम कुसुम योजना और टपक सिंचाई योजना के सहयोग से खीरा, मिर्च, शिमला मिर्च और बीन समेत विभिन्न सब्जियों की खेती कर रहे हैं. उपायुक्त ने सिंचाई व्यवस्था, उत्पादन और बाजार की स्थिति की जानकारी ली. किसान ने बताया कि सब्जी उत्पादन से अच्छी आमदनी हो रही है. उपायुक्त ने किसान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर किसान खेती को व्यावसायिक रूप देकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं.
बायोफ्लॉक तकनीक से मछली पालन का लिया जायजा
भंडरा प्रखंड के चट्टी गांव में उपायुक्त ने मत्स्य विभाग की ओर से किसान पहलवान तिवारी को उपलब्ध कराई गई बायोफ्लॉक योजना का निरीक्षण किया. उन्होंने बायोफ्लॉक पोंड में पांगेशियस प्रजाति की मछलियों के उत्पादन का जायजा लिया और मत्स्य पालन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली. उपायुक्त ने किसान द्वारा अन्य किसानों को बायोफ्लॉक तकनीक और मत्स्य पालन के प्रति जागरूक करने के प्रयास की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को मत्स्य पालन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. उन्होंने जिला मत्स्य पदाधिकारी को किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन देने और विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें- मशरूम की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, सिमडेगा में 36 किसानों को दिया गया प्रशिक्षण
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए