बिजली बहाल हुई तो अब बेदखली का डर, सेल टाउनशिप के सैकड़ों परिवारों की बढ़ी चिंता

Updated:
विज्ञापन

सेल प्रशासनिक भवन सह अस्पताल. | Prabhat Khabar Network

भवनाथपुर सेल टाउनशिप में आवास खाली कराने के दबाव से सैकड़ों परिवार परेशान हैं. बिजली कटौती और बेदखली के डर से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.

विज्ञापन

भवनाथपुर (लोहरदगा): सेल प्रबंधन के आवासीय परिसर में वर्षों से रह रहे सैकड़ों परिवारों के सामने एक बार फिर बेदखली का संकट खड़ा हो गया है. निवासियों का आरोप है कि पिछले करीब पांच महीने से सेल प्रबंधन लगातार आवास खाली करने की चेतावनी दे रहा है. इससे टाउनशिप में रहने वाले परिवारों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है. इससे पहले आवास खाली कराने के दबाव के बीच फरवरी के अंतिम सप्ताह में कई आवासों की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई थी. इसके विरोध में लोगों ने आंदोलन किया था, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई थी. हालांकि, आवास खाली कराने का मामला अब भी बना हुआ है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बिजली कटने के बाद किया था आंदोलन, विधानसभा तक पहुंचा मामला

फरवरी के अंतिम सप्ताह में आवासों की बिजली काटे जाने के विरोध में एक मार्च को सैकड़ों महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने आंदोलन करते हुए डीजीएम आवास का घेराव किया था. मामला विधानसभा तक भी पहुंचा. वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव ने विधानसभा सत्र में टाउनशिप की बिजली काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष से हस्तक्षेप की मांग की थी. इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी. बिजली बहाल होने से लोगों को राहत मिली, लेकिन अब आवास खाली कराने के कथित दबाव ने उनकी चिंता फिर बढ़ा दी है.

936 में से 618 आवासों पर अवैध कब्जे का दावा

सेल प्रबंधन के अनुसार टाउनशिप में कुल 936 आवास हैं, जिनमें 618 आवासों पर अवैध कब्जा है. प्रबंधन की ओर से इन आवासों को खाली कराने के लिए अनुमंडल कार्यालय, अंचल कार्यालय और स्थानीय थाने में आवेदन दिया गया है. इसके बाद टाउनशिप में रहने वाले लोगों में भय का माहौल है.

वहीं, निवासियों का कहना है कि वे वर्षों से इन आवासों में रह रहे हैं और अपनी क्षमता के अनुसार उनकी मरम्मत व देखरेख भी करते हैं. लोगों का कहना है कि प्रबंधन की ओर से रखरखाव नहीं किये जाने के कारण कई नये आवास भी जर्जर होकर बर्बाद हो चुके हैं. ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में टाउनशिप के पूरब दिशा में झाड़ियों की सफाई कर सेल ने 100 से अधिक आवास बनवाये थे, लेकिन बाद में रखरखाव नहीं होने से वहां फिर से जंगल उग आया.

भानु प्रताप शाही ने दी आंदोलन की चेतावनी

पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने सेल प्रबंधन को आंदोलन की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि करीब चार माह पहले धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के साथ बोकारो में सेल के कार्यकारी निदेशक से मुलाकात कर टाउनशिप के लोगों को यथावत रहने देने और बिजली-पानी की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था. उस समय सकारात्मक आश्वासन भी मिला था. इसके बावजूद स्थानीय प्रबंधन की ओर से लोगों को परेशान किया जा रहा है.

शाही ने कहा कि इस क्षेत्र में उनके पूर्वजों की जमीन पर सेल का उपक्रम स्थापित हुआ है. ऐसे में इसी क्षेत्र के लोगों को बेघर करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जबरन बेदखली का प्रयास किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेंगे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola