लोहरदगा में भाजपा ने निकाली आक्रोश रैली, छात्रों के हक को लेकर सरकार पर साधा निशाना
संबोधित करते पूर्व सांसद सुदर्शन भगत | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा में भाजपा की आक्रोश रैली, भानु प्रताप शाही ने हेमंत सरकार पर नौकरी बेचने और झारखंडी छात्रों के शोषण का गंभीर आरोप लगाया.
लोहरदगाः भाजपा की ओर से लोहरदगा में आक्रोश रैली निकाली गई. रैली लोहरदगा ब्लॉक स्थित टाउन हॉल से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय पहुंची, जहां धरना-प्रदर्शन में तब्दील हो गई. इस दौरान भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर झारखंडी छात्रों के हितों की अनदेखी करने और राज्य में युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया.
भानु प्रताप बोले- झारखंडी छात्रों की हकमारी बंद करे सरकार
पूर्व विधायक और भाजपा नेता भानु प्रताप शाही ने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार नौकरी बेचने वाली सरकार हो गई है. उन्होंने सरकार से ऐसे गलत कार्यों से परहेज करने और झारखंडी छात्रों की हकमारी बंद करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में पुलिस प्रशासन का मनोबल इतना बढ़ गया है कि भोले-भाले झारखंडी छात्रों पर लाठी बरसाना अपनी मर्दानगी समझने लगा है. उन्होंने कहा कि झारखंडियों को उनका हक दिलाने के नाम पर सत्ता में आयी हेमंत सरकार ने सत्ता संभालते ही झारखंडियों की पीठ में छुरा घोंपने का काम शुरू कर दिया.
ये भी पढ़ें- JPSC भर्ती घोटाला: अभय तिवारी को भेजा गया जेल, 25 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ जारी

खनिज संपदा और बालू को लेकर भी सरकार पर आरोप
भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में कोयला, बॉक्साइट और लौह अयस्क की लूट हो रही है. उन्होंने कहा कि हेमंत के दलालों ने बालू को भी नहीं छोड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, राजद और वामपंथी दलों के साथ संगत कर हेमंत सोरेन ने अपनी पार्टी और सिद्धांतों का ही गला घोंट दिया है.
सुदर्शन भगत ने कांग्रेस-राजद पर साधा निशाना
पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि कांग्रेस और राजद शुरू से ही झारखंडी हितों की उपेक्षा करती रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की खनिज संपदा को लूटना और प्रकृति व संस्कृति को नुकसान पहुंचाना इन दोनों पार्टियों की नियति रही है. उनके प्रभाव में झामुमो के नेतृत्व वाली हेमंत सरकार भी झारखंड की प्रकृति और संस्कृति के साथ खिलवाड़ कर रही है.
ये भी पढ़ें- JPSC Exam Scam: दारोगा नहीं बन सका तो परीक्षा फर्जीवाड़े का बनाया नेटवर्क, कई लोगों को बना दिया अफसर
उन्होंने कहा कि अब ये तीनों पार्टियां मिलकर झारखंड के शिक्षित युवाओं के हितों को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही हैं. उन्होंने वर्तमान सांसद और विधायक पर भी लोहरदगा की जनता की उपेक्षा करने का आरोप लगाया.
नेताओं ने छात्रों के साथ खड़े रहने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ने विषय प्रवेश कराया. प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव और सरिता देवी ने झारखंडी छात्रों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का संकल्प दोहराया. धन्यवाद ज्ञापन पवन तिग्गा ने किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए