बरवाडीह में धूमधाम से मनी विश्वकर्मा पूजा, बाबा चौक से ROH शेड तक गूंजे जयकारे; लोको पायलटों का पंडाल बना आकर्षण का केंद्र
सजा पंडाल | Prabhat Khabar Network
बरवाडीह प्रखंड में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा पूजा श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई. रेलवे के विभिन्न विभागों और कार्यस्थलों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई. लोको पायलटों द्वारा बनाया गया पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा.
बरवाडीह. प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा पूजा को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा. बाबा चौक से लेकर आरओएच शेड तक विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों, रेलवे से जुड़े विभागों और कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. पूजा को लेकर सुबह से ही पूरे क्षेत्र में चहल-पहल रही. आईओडब्ल्यू, पीडब्ल्यूआई, गहन परीक्षण यार्ड, लोको स्टेशन, बस स्टैंड, भगत सिंह चौक और रेल पावर स्टेशन पर आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए थे. रेलवे लोको पायलटों द्वारा बाबा चौक पर बनाया गया पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा. यहां देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही.
मशीनरी व उपकरणों की सुरक्षा की कामना
श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, कार्यों में सफलता और मशीनरी व उपकरणों की सुरक्षा की कामना की. रेलवे कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोगों में भी विश्वकर्मा पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया. विभिन्न पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी.
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
विश्वकर्मा पूजा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. एसडीपीओ वीरेंद्र राम के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनुराग कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मुस्तैद रहे. विभिन्न पूजा स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. इसके अलावा भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि पूजा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए