चंदवा की हाट जाने वाला रास्ता बना मुसीबत, गड्ढे-कीचड़ और नाली के बदबूदार पानी से परेशानी
कीचड़ युक्त सड़क से बाजार जाने को लोग मजबूर. | Prabhat Khabar Network
चंदवा के शुक्रबाजार हाट जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है। कीचड़ और गड्ढों के कारण हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चंदवा. प्रखंड मुख्यालय और ग्रामीण इलाकों की कई पहुंच पथ जर्जर हो चुकी हैं. बारिश के बाद इन सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया है. प्रखंड मुख्यालय से करीब तीन किमी दूर स्थित शुक्रवार साप्ताहिक हाट और चैत-श्रावण मेला जाने वाली सड़क की स्थिति भी बदहाल है.
35 लाख रुपये राजस्व देने वाले हाट तक पहुंचना मुश्किल
स्थानीय लोगों के अनुसार, सरकार को सालाना करीब 35 लाख रुपये राजस्व देने वाले साप्ताहिक हाट तक पहुंचने वाली सड़क जगह-जगह बड़े गड्ढों और कीचड़ से भरी है. बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गयी है. कई स्थानों पर नाली का बदबूदार पानी सड़क पर बहने से लोगों को उसी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है.
बताया जाता है कि प्रत्येक शुक्रवार करीब 20 से 30 हजार लोग साप्ताहिक हाट पहुंचते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस सड़क से अलौदिया, सरलाही, जरमा समेत आसपास के कई गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं.
एक साल पहले हुई थी सड़क की मापी, अब तक निर्माण नहीं
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया. करीब एक वर्ष पहले आरईओ विभाग की ओर से सड़क निर्माण को लेकर मापी भी करायी गयी थी. इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
इससे ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने विभाग और प्रशासन से सड़क का जल्द निर्माण कराने के साथ नालियों को दुरुस्त कराने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए