दो साल से बंद सिकनी कोलियरी, चालू कराने की मांग को लेकर 28 सितंबर को धरना-प्रदर्शन
बैठक के दौरान उपस्थित संघ के पदधारी व मजदूर. | Prabhat Khabar Network
सिकनी कोलियरी के दो साल से बंद रहने से सैकड़ों लोगों की आजीविका पर संकट आ गया है. झारखंड खनिज मजदूर संघ ने कोलियरी को फिर से चालू कराने की मांग को लेकर 28 सितंबर को धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है.
चंदवा. जेएसएमडीसी द्वारा संचालित सिकनी कोल परियोजना करीब दो वर्षों से बंद है. कोलियरी को चालू कराने की मांग को लेकर झारखंड खनिज मजदूर संघ ने आंदोलन का निर्णय लिया है. मंगलवार को निगम कार्यालय परिसर में संघ की बैठक अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सर्वसम्मति से 28 सितंबर को कोलियरी परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
सैकड़ों लोगों की आजीविका प्रभावित होने का दावा
अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि सिकनी कोलियरी क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है. इसके बंद रहने से मजदूरों के अलावा ट्रक ऑनर, चालक-उपचालक, डीओ होल्डर समेत प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुडे लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है. उन्होंने कहा कि मजदूर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और कई परिवारों के सामने भुखमरी व पलायन की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
पूर्व में भी प्रबंधन से की गयी मांग
संघ के अनुसार, कोलियरी को चालू कराने की मांग को लेकर निगम प्रबंधन से पहले भी आग्रह किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. संघ ने कहा कि 28 सितंबर के धरना-प्रदर्शन के बाद आंदोलन को और तेज किया जायेगा.
बैठक में रवि डे, राजनाथ उरांव, जागा उरांव समेत संघ के पदाधिकारी और बडी संख्या में मजदूर मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए