1 अक्टूबर से खुलेगा बेतला नेशनल पार्क, 3 महीने बाद लौटेगी जंगल सफारी की रौनक; एडवांस बुकिंग शुरू
बेतला नेशनल पार्क | Prabhat Khabar Network
झारखंड का बेतला नेशनल पार्क 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए फिर से खुल रहा है. तीन महीने के मानसून ब्रेक के बाद, पार्क प्रबंधन ने जंगल सफारी के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव का इंतजार है.
बेतला: झारखंड के इकलौते व्याघ्र आरक्षित क्षेत्र पलामू टाइगर रिजर्व का बेतला नेशनल पार्क एक अक्तूबर से पर्यटकों के लिए खुल जायेगा. तीन महीने के बंद के बाद पार्क खुलने से प्रकृति और वन्यजीव प्रेमियों की रौनक लौटेगी. पार्क प्रबंधन ने नये पर्यटन सत्र की तैयारियां पूरी कर ली हैं. डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना समेत अधिकारियों ने जंगल के भीतर आंतरिक सड़कों और सफारी ट्रैक की मरम्मत का जायजा लिया.
मानसून की बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करायी गयी है. पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण ट्री हाउस, कैंटीन परिसर और केचकी संगम के इको स्ट्रीट की मजबूती व सुरक्षा मानकों की भी जांच की गयी. कैंटीन व्यवस्था को अपग्रेड कर स्वच्छ खान-पान उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं.
एनटीसीए के निर्देश के तहत बंद रहता है पार्क
बेतला नेशनल पार्क के बंद रहने की अवधि 30 सितंबर को समाप्त होगी. राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के निर्देश के तहत टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्क जुलाई, अगस्त व सितंबर में बंद रहते हैं. यह अवधि वन्यजीवों के प्रमुख प्रजनन काल के रूप में निर्धारित है.
एडवांस बुकिंग शुरू
पार्क खुलने से पहले ही पर्यटकों में उत्साह है. बेतला फॉरेस्ट रेस्ट हाउस, सरकारी टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स और निजी होटलों में एक अक्तूबर तथा उसके बाद के सप्ताहांत के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए