लातेहार में जर्जर सड़कों से ग्रामीण परेशान, बारिश में कई जगह आवागमन हो जाता है बाधित
ग्रामीणों से बात करते श्री तिवारी | Prabhat Khabar Network
लातेहार के बेंदी पंचायत में कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और जर्जर सड़कों के समाधान के लिए उपायुक्त से मिलने का आश्वासन दिया।
लातेहार: लातेहार के सदर प्रखंड की बेंदी पंचायत के जेर, गोदना, तुपु और सिमरियाटांड़ समेत विभिन्न गांवों की जर्जर सड़कों का मामला सामने आया है. जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने पंचायत क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र की कई सड़कें लंबे समय से खराब हैं. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. कई जगह सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित होता है. ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी के साथ जरूरी कामों के लिए भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
आश्वासन के बाद भी नहीं सुधरी सड़क की स्थिति
ग्रामीणों ने पंकज तिवारी को बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर जनप्रतिनिधियों की ओर से समय-समय पर आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने खराब सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की.
पंकज तिवारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की बात कही. उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र की सड़कों की जर्जर स्थिति से लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार को अवगत कराया जायेगा. साथ ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क निर्माण और मरम्मत की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए. इसके लिए ग्रामीणों की समस्या को उचित स्तर पर उठाया जायेगा.
मौके पर जिला कामगार कांग्रेस अध्यक्ष कामिल अंसारी, जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष रब्बानी हुसैन समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: धनबाद में 16 KM तक गाड़ियों का सैलाब, 9 घंटे से GT रोड जाम; रातभर फंसे रहे हजारों यात्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए