धनबाद में 16 KM तक गाड़ियों का सैलाब, 9 घंटे से GT रोड जाम; रातभर फंसे रहे हजारों यात्री
धनबाद के जीटी रोड पर लगे महाजाम को दर्शाती हुई सांकेतिक तस्वीर | AI
गोविंदपुर में जीटी रोड पर लगे भीषण जाम ने हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी. करीब नौ घंटे से अधिक समय तक लगे इस जाम ने दिल्ली और कोलकाता लेन में 16 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगवा दीं. एंबुलेंस भी जाम में फंसी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.
धनबाद: गोविंदपुर में जीटी रोड पर शुक्रवार की आधी रात से शनिवार सुबह तक करीब नौ घंटे से अधिक समय तक लगे भीषण जाम ने हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी. दिल्ली और कोलकाता लेन में करीब 16 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी. हालात ऐसे रहे कि कई जगह वाहन घंटों तक अपनी जगह से आगे नहीं बढ़ सके. रातभर जाम में फंसे यात्रियों को सुबह तक राहत नहीं मिली.
आपके शहर में
दिल्ली लेन में गायडेहरा मोड़ से गोविंदपुर बाजार तक वाहनों की रफ्तार थम गयी, जबकि कोलकाता लेन में पंडुकी तक और दिल्ली लेन में बरवा तक जाम का असर देखा गया. रात में जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को हुई. शौचालय की सुविधा नहीं मिलने पर कई महिलाओं को आसपास के घरों और होटलों का सहारा लेना पड़ा.
एंबुलेंस भी जाम में फंसी, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि एंबुलेंस भी रास्ते में फंस गयी. सायरन बजाने के बावजूद उसे आगे निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था. सुबह तक जाम का असर बना रहा और लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया. कोलकाता से आने वाली एक बस, जो रात करीब 12:30 बजे गोविंदपुर पहुंचने वाली थी, सुबह करीब 6:30 बजे वहां से निकल सकी.
यह भी पढ़ें: IPL गोलीकांड के 10 साल बाद भी जख्म ताजा, शहीद परिवार पूछ रहे- आखिर कब बदलेगी जिंदगी?
एक खराब ट्रक ने बढ़ायी मुसीबत
गोविंदपुर बाजार के बीच एक ट्रक खराब होने से पहले से बनी जाम की स्थिति और गंभीर हो गयी. सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक होने और रास्ता संकरा होने के कारण वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गयी. इसका असर साहिबगंज, टुंडी और बलियापुर जाने वाले मार्गों पर भी पड़ा.
नियमों की अनदेखी और अतिक्रमण भी बड़ी वजह
जाम की समस्या के पीछे गोविंदपुर मोड़ पर वाहनों का बढ़ता दबाव और यातायात नियमों का पालन नहीं होना भी प्रमुख कारण बताया जा रहा है. बलियापुर से आने वाले बड़े वाहनों के लिए गोल बिल्डिंग-आठ लेन-किसान चौक होते हुए जीटी रोड तक पहुंचने का निर्धारित मार्ग है, ताकि गोविंदपुर मोड़ पर वाहनों का दबाव कम रहे. इसके बावजूद इस व्यवस्था का प्रभावी पालन नहीं होने की बात सामने आयी है.
गोविंदपुर बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण भी यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है. सड़क की सीमित चौड़ाई और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण थोड़ी सी बाधा भी लंबा जाम खड़ा कर देती है.
यह भी पढ़ें: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों सावधान! रामगढ़ में चालान से लेकर पेट्रोल बंद तक की तैयारी
जाम से स्कूलों की परीक्षा तक रद्द
महाजाम का असर आम यात्रियों के साथ विद्यार्थियों पर भी पड़ा. धनबाद से गोविंदपुर जाने वाली कई स्कूली बस और वैन जाम में फंस गयीं और समय पर स्कूल नहीं पहुंच सकीं. इसके कारण कुछ निजी विद्यालयों को बंद करना पड़ा, जबकि जिन विद्यालयों में परीक्षा निर्धारित थी, वहां परीक्षा तक रद्द करनी पड़ी.
एलिवेटेड सड़क निर्माण से भी बढ़ा दबाव
गोविंदपुर के कौआबांध में एलिवेटेड मार्ग के निर्माण के तहत खंभों पर गर्डर बैठाने का काम चल रहा है. निर्माण कार्य के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है. जिस एलिवेटेड मार्ग से भविष्य में जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, फिलहाल उसके निर्माण के कारण ही स्थानीय लोगों को यातायात संबंधी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
यह भी पढ़ें: SIR में नाम को लेकर है उलझन? पतरातू में नो-मैपिंग मतदाताओं की जनसुनवाई, दस्तावेजों की हुई जांच
कारोबार पर भी पड़ रहा असर
लगातार जाम की समस्या से गोविंदपुर के कारोबार पर भी असर पड़ने लगा है. वाहन चालक जाम की आशंका के कारण इस रास्ते से गुजरने से बचने लगे हैं. स्थानीय कारोबारियों को आशंका है कि यदि यातायात व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी, तो आने वाले पर्व-त्योहारों के दौरान इसका असर बाजार और व्यापार पर भी पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: रामगढ़: शाम 5 बजे चलानी थी Vande Bharat, ड्यूटी से पहले ही हादसे ने पहुंचाया अस्पताल; महिला समेत दो घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए