झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने निहारा बेतला का सौंदर्य, युवाओं को दिये संरक्षण के टिप्स
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 22 Feb 2026 9:34 PM
झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने निहारा बेतला का सौंदर्य, युवाओं को दिये संरक्षण के टिप्स
बेतला़ झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनक ने सपरिवार बेतला नेशनल पार्क का भ्रमण कर यहां की प्राकृतिक सुंदरता और वन्य जीवों का अवलोकन किया. शनिवार को लातेहार से बेतला पहुंचे न्यायमूर्ति ने रात्रि विश्राम यहीं किया. रविवार को उन्होंने जंगल सफारी के दौरान हिरण, जंगली सूअर और विभिन्न पक्षियों को देखा और पार्क के शांत वातावरण की प्रशंसा की. ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों का भ्रमण : मुख्य न्यायाधीश ने पलामू किला, केचकी संगम और कमलदह झील का भी भ्रमण किया. पलामू किले की भव्यता और चेरो राजवंश की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि जानकर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया. कमलदह झील में प्रवासी पक्षियों को देख वे काफी प्रभावित हुए और स्वयं फोटोग्राफी भी की. भ्रमण के दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने और पर्यटकों की सुविधाएं बेहतर करने पर चर्चा की. पलामू टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना ने उन्हें रिजर्व की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी. युवाओं को दी नयी प्रेरणा : भ्रमण के क्रम में न्यायमूर्ति ने ””””हुनर से रोजगार”””” कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि पलामू टाइगर रिजर्व पूरे भारत की बेमिसाल धरोहर है. युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा, आपका प्रशिक्षण न केवल आपको रोजगार दिलायेगा, बल्कि जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण की प्रेरणा भी देगा. उन्होंने जोर दिया कि पीटीआर को बचाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. भव्य स्वागत किया : इससे पूर्व बेतला पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. भ्रमण के बाद वे सुग्गा बांध की ओर रवाना हो गये. मौके पर हाइकोर्ट के रजिस्ट्रार सत्यप्रकाश, एसडीओ विपिन कुमार दुबे, रेंजर अजय कुमार टोप्पो, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










