बेतला वन क्षेत्र में लंगड़ाते दिखा हाथी, घायल होने की आशंका से लोग परेशान
हाथी सांकेतिक तस्वीर ( image : Canva )
Betla National Park : बेतला नेशनल पार्क के मुख्य मार्ग पर एक जंगली हाथी को लंगड़ाते हुए देखे जाने से हड़कंप मच गया है. हाथी के घायल होने की आशंका के चलते वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
लातेहार के बेतला से संतोष कुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
Betla National Park : बेतला नेशनल पार्क वन क्षेत्र में एक जंगली हाथी के घायल होने की आशंका ने वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. दरअसल बेतला मुख्य मार्ग पर एक हाथी को सड़क पार करते हुए देखा गया, जिसकी चाल पूरी तरह असामान्य थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी अपने आगे के बायें पैर को जमीन पर ठीक से नहीं रख पा रहा था और स्पष्ट रूप से लंगड़ा कर चल रहा था. दर्द के कारण वह बेहद धीमी रफ्तार से, फूंक-फूंक कर कदम रख रहा था और बड़ी मुश्किल से सड़क पार कर वापस घने जंगल की ओर गया. हाथी की इस दर्दनाक स्थिति को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग सहम गए.
वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बेतला नेशनल पार्क और आसपास के इलाकों में हाथियों का नियमित मूवमेंट रहता है. ऐसे में किसी हाथी का इस तरह गंभीर रूप से लाचार दिखना वन विभाग की ट्रैकिंग प्रणाली पर सवाल खड़े करता है. लोगों ने मांग की है कि विभाग तुरंत क्विक रिस्पॉन्स टीम और वनकर्मियों को जंगल में भेजकर हाथी की तलाश करे.
विशेषज्ञों ने जताई गंभीर चोट की आशंका
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, जंगली हाथियों की चाल में ऐसा बदलाव या तो किसी आपसी लड़ाई में लगी चोट, पैर में बड़ा कांटा या कांच चुभने, साथ ही किसी दुर्घटना के कारण हो सकता है. समय पर इलाज न मिलने से घाव में इन्फेक्शन फैलने का खतरा रहता है, जो हाथी के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. फिलहाल स्थानीय लोग और पर्यावरणविद वन विभाग से हाथी की सटीक लोकेशन ट्रेस कर उसका इलाज कराने की गुहार लगा रहे हैं.
क्या कहते हैं पदाधिकारी?
इधर प्रभारी वनपाल संतोष कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है. संभवत: वहीं हाथी हो सकता है जिसका पिछले दिनों घायल होने के बाद इलाज किया गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए