हाथी के हमले में एक ग्रामीण की गयी जान, विभाग ने दिया मुआवजा
हाथी के हमले में एक ग्रामीण की गयी जान, विभाग ने दिया मुआवजा
चंदवा़ प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जंगली हाथियों का उत्पात कम होता नहीं दिख रहा है. गुरुवार की रात प्रखंड के माल्हन पंचायत में एक जंगली हाथी ने एक व्यक्ति की जान ले ली. मृतक की पहचान माल्हन पंचायत के भंडारटोली निवासी टीभलू गंझू (59 वर्ष) पिता नंदा गंझू के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी अचानक भंडारटोली गांव में घुस गया. उसी वक्त टीभलू गंझू घर से बाहर बंधे अपने पशुधनों को खोलने बाहर निकला था. इसी दौरान उसके घर के पीछे मौजूद हाथी अचानक से सामने में आ गया. हाथी को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, पर हाथी ने उसे पटक दिया. इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने हाथी को गांव से भगाया. शुक्रवार की सुबह माल्हन पंचायत के मुखिया जतरू मुंडा, वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी एनके मेहता व पुलिस घटनास्थल पहुंची. मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें तत्काल प्रावधान के तहत 40 हजार रुपये की मुआवजा राशि देकर मदद की. श्री मेहता ने कहा कि शेष राशि कागजी कार्रवाई के बाद दी जायेगी. लगातार हाथियों के हमले से ग्रामीण भयभीत हैं और इससे ग्रामीणों में रोष है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए