एनएसएस शिविर के दूसरे दिन नशामुक्ति रैली, बच्चों को सिखाया स्वच्छता का महत्व
विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए महाविद्यालय के स्वयंसेवक. | Prabhat Khabar Network
कोडरमा के इंदरवाटांड़ में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति रैली निकाली और ग्रामीणों को स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
प्रतिनिधि, कोडरमा : ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन, झुमरीतिलैया में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-1 के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गयीं. प्रथम सत्र की शुरुआत एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ शर्मा, सहायक प्राध्यापिका विनीता कुमारी और सरदार वल्लभ भाई पटेल समूह के स्वयंसेवकों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की. इसके बाद एनएसएस लक्ष्य गीत गाये गये और स्वयंसेविका पूजा कुमारी ने स्वयंसेवकों को प्राणायाम, अनुलोम-विलोम समेत विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया.
इसके बाद स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय द्वारा गोद लिये गये गांव इंदरवाटांड़ में नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली. इस दौरान ग्रामीणों को नशा छोड़ने का संदेश दिया गया.
बच्चों के बीच प्रश्नोत्तरी और स्वच्छता अभियान
स्वयंसेवकों ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय इंदरवाटांड़ में बच्चों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की. विजेता बच्चों को पुरस्कार और चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया गया. साथ ही बच्चों को शौच के बाद और भोजन से पहले हाथों को अच्छी तरह धोने के लिए प्रेरित किया गया. स्वयंसेवकों ने बच्चों के हाथ हैंडवॉश से धुलवाकर स्वच्छता का संदेश दिया.
इसके बाद स्वयंसेवकों ने सरदार वल्लभभाई पटेल हाउस के सदस्यों द्वारा तैयार भोजन का सामूहिक रूप से आनंद लिया.
घर-घर जाकर किया सर्वेक्षण
शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने इंदरवाटांड़ गांव में घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया. सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन का समापन सामूहिक चाय और अल्पाहार के साथ हुआ. संपूर्ण कार्यक्रम जिला नोडल सह कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए