स्कूलों के बीच खुलेआम बिक रही महुआ शराब, परसाबाद स्टेशन रोड पर सुबह से सजता है अड्डा
जयनगर के परसाबाद स्टेशन रोड पर अवैध महुआ शराब की बिक्री जारी है। स्कूलों के पास शराब के अड्डे से छात्र परेशान हैं, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
जयनगर, कोडरमा : जयनगर प्रखंड के परसाबाद स्टेशन रोड में खुलेआम महुआ शराब की बिक्री होने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों का आरोप है कि जिस इलाके में शराब की बिक्री हो रही है, वहां कई निजी विद्यालय भी संचालित हैं. इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री रोकने को लेकर प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह होते ही परसाबाद स्टेशन रोड में करीब 15 से 20 जगहों पर महुआ शराब बेचने और पीने वालों का जमावड़ा शुरू हो जाता है. इससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों और खासकर विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. लोगों का आरोप है कि शराब के नशे में रहने वाले लोग विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार भी करते हैं.
कई बार सूचना देने के बाद भी कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि अवैध महुआ शराब की बिक्री को लेकर प्रखंड प्रशासन को कई बार सूचना दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण शराब की बिक्री खुलेआम जारी है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से परसाबाद स्टेशन रोड पर अवैध महुआ शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अड्डेबाजी पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों समेत आम लोगों को परेशानी से राहत मिल सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए