कोडरमा: सांस लेने में तकलीफ के बाद भी नहीं मिली ऑक्सीजन? 18 साल के रहमत की मौत से अस्पताल में मचा हंगामा
जय प्रकाश हॉस्पीटल में हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस व अन्य़ | Prabhat Khabar Network
झुमरीतिलैया के जय प्रकाश हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक किशोर की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। जानें पूरी खबर।
झुमरीतिलैया: कोडरमा के झुमरीतिलैया थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर स्थित जय प्रकाश हॉस्पिटल में इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर बाद एक 18 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कुछ देर तक हंगामा किया. घटना की सूचना मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची. हंगामे के दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ भी जुट गई.
आपके शहर में
गझंडी निवासी था मृतक
मृतक की पहचान गझंडी निवासी रहमत अंसारी (18) के रूप में हुई है. वह रुस्तम अंसारी का पुत्र था. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकीय स्तर पर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण रहमत की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई.
मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा करने लगे. सूचना मिलने पर पुलिस के साथ कई डॉक्टर भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया.
सीटी स्कैन के बाद बिगड़ी तबीयत, ऑक्सीजन नहीं लगाने का आरोप
मृतक के पिता रुस्तम अंसारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह रहमत खेलकर घर आया था. नाश्ता करने के दौरान उसने तबीयत ठीक नहीं लगने की बात कही. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए जय प्रकाश हॉस्पिटल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में चिकित्सकों ने सीटी स्कैन कराने की सलाह दी. सीटी स्कैन कराने के बाद जब वे अस्पताल लौटे, तो कर्मियों ने बताया कि डॉक्टर लंच के लिए गए हैं और उनके आने के बाद रिपोर्ट देखी जाएगी. इसी दौरान रहमत को सांस लेने में परेशानी होने लगी.
परिजनों का कहना है कि उन्होंने अस्पताल कर्मियों से रहमत को ऑक्सीजन लगाने का अनुरोध किया, लेकिन किसी ने पहल नहीं की. कुछ देर बाद रहमत की मौत हो गई.
अस्पताल ने आरोपों से किया इनकार
जय प्रकाश हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. जेपीएन वर्णवाल ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया. उन्होंने कहा कि मरीज का इलाज चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया और अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई.
उन्होंने बताया कि सुबह इलाज के बाद मरीज को सीटी स्कैन कराने की सलाह दी गई थी. दोपहर करीब दो बजे सीटी स्कैन कराने के बाद युवक को अस्पताल लाया गया था.
पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में हुई बातचीत
युवक की मौत के बाद कुछ देर तक अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा. हंगामे की सूचना पर पहुंची तिलैया पुलिस ने स्थिति को संभाला. बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और मामला समझौते पर आ गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए