फुटबॉल से रस्साकशी तक, कोडरमा में खेल दिवस पर दिखा उत्साह; विजेताओं को मिला सम्मान
विजेताओं को सम्मानित करते जिला खेल पदाधिकारी व अन्य़ | Prabhat Khabar Network
कोडरमा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई।
कोडरमा: खेल एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम बागीतांड़ स्टेडियम, डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र सीडी गर्ल्स स्कूल झुमरीतिलैया समेत अन्य स्थानों पर हुआ.
आपके शहर में
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को बढ़ावा देना था. इस दौरान फुटबॉल, खो-खो, 100 मीटर दौड़, 50 मीटर दौड़, कैरम, चित्रकला, नींबू दौड़, बोरा दौड़ और रस्साकशी समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं.
खिलाड़ियों ने दिखायी प्रतिभा
प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों और प्रशिक्षुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. बच्चों और युवाओं ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया. आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
प्रतियोगिताओं के समापन पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए टी-शर्ट का भी वितरण किया गया. वहीं प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में योगदान देने वाले रेफरी और प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया.
यह भी पढ़ें: वोटर लिस्ट में नाम है, लेकिन मैपिंग नहीं! कोडरमा में कैंप लगाकर मतदाताओं के दस्तावेजों की हुई जांच
'एक घंटा खेल के मैदान में' का दिया संदेश
जिला खेल पदाधिकारी तुषार राय ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के माध्यम से जिले में 'एक घंटा खेल के मैदान में' का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उनमें फिटनेस और अनुशासन की भावना विकसित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है.
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे बच्चों में टीम भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित होता है. तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 30 अगस्त को भी जिले में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: गरीबों के मसीहा नागेश्वर यादव को पुण्यतिथि पर किया याद, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए