कोडरमा घाटी में बस-ट्रक की टक्कर, चार वाहन भिड़े, घंटों जाम से यात्री रहे परेशान
यही बस पहले हुई हादसे का शिकार. | Prabhat Khabar Network
कोडरमा घाटी में बस और ट्रक की टक्कर से चार वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे के बाद घंटों तक लगा रहा लंबा जाम, यात्रियों को हुई भारी परेशानी।
कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी के मेघातरी के समीप सोमवार देर रात बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर के बाद चार वाहन आपस में भिड़ गए. हादसे के बाद घाटी में कई घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.
बस-ट्रक की टक्कर के बाद चार वाहन आपस में भिड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिहार के सिवान से टाटा जा रही शिव शक्ति नामक बस मेघातरी के पास अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे एक ट्रक को किनारे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बस को बचाने के प्रयास में ट्रक भी अनियंत्रित हो गया और आगे खड़े दो अन्य ट्रकों से जा भिड़ा. इस तरह कुल चार वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. यात्री दहशत में आ गए, हालांकि सभी को केवल मामूली चोटें आईं.
चार वाहन सड़क पर फंसने से कोडरमा घाटी में लगा जाम
दुर्घटना के बाद चारों वाहन सड़क पर ही खड़े हो गए, जिससे रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी में जाम लग गया. जाम के कारण यात्री बसों और अन्य वाहनों में सफर कर रहे लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और रांची-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए