Koderma: डोमचांच में निकाय चुनाव को बाधित करने का आरोप, 3 नामजद सहित 100 लोगों पर केस दर्ज

Updated:
विज्ञापन

कोडरमा के डोमचांच में फ्लैग मार्च करते अधिकारी.

Koderma: डोमचांच में तीन लोगों पर नामजद और करीब 100 लोगों पर केस दर्ज किया गया है. इन लोगों को निकाय चुनाव को बाधित करने का आरोप लगा है.

विज्ञापन

Koderma: डोमचांच में नगर पंचायत भंग करने की मांग को लेकर अब तक निकाय चुनाव का एक तरह से हो रहे बहिष्कार को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने अब सख्त रूप अख्तियार कर लिया है. चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो, इसके लिए चल रहे प्रयास में बाधा उत्पन्न होते देख डोमचांच पुलिस ने महिलाओं को भड़काकर विरोध प्रदर्शन कराने के आरोप में तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए केस दर्ज किया है. दर्ज केस में 90 से 100 अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस के द्वारा दर्ज किए गए केस में शैलेंद्र कुमार सिंह, पिता सहदेव सिंह निवासी काली मंडा, देवेंद्र कुमार मेहता, पिता छोटेलाल मेहता निवासी बाजार रोड और प्रेमांशु कुमार, पिता अरुण कुमार निवासी ढाब रोड को नामजद आरोपी बिनाया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

महिलाओं को भड़काने का है आरोप

इन पर महिलाओं को भड़का कर प्रखंड कार्यालय डोमचांच गेट के पास और महेशपुर चौक के पास विरोध कराने का आरोप लगाया गया है. मामला दर्ज होने के बाद डोमचांच में अलग तरह की चर्चा शुरू हो गई है. बता दें कि बेतहाशा होल्डिंग टैक्स सहित अन्य नियम कानून का विरोध जताते हुए स्थानीय लोग खासकर महिलाएं लंबे समय से विरोध प्रदर्शन कर रही हैं. चुनाव की घोषणा से ठीक पहले डोमचांच में सर्वदलीय विरोधी रैली भी निकाली गई थी. चुनाव की घोषणा के बाद इसका असर भी दिखा. नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने के तीन दिन बाद भी एक भी दावेदार ने नामांकन प्रपत्र नहीं खरीदा है. इस बीच झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी से मुलाकात कर समाधान निकालने का अनुरोध किया था. एसडीओ की अध्यक्षता में इस मुद्दे को लेकर हुई बैठक बेनतीजा रही थी.

11 लोगों को जारी हुआ नोटिस

इधर, पुलिस ने तीन लोगों को नामजद और करीब 100 अज्ञात पर केस दर्ज किया है, वहीं अनुमंडल दंडाधिकारी के न्यायालय के स्तर से डोमचांच के 11 लोगों को नोटिस जारी किया गया है. डोमचांच के अजय कृष्ण मोदी, बसंत मेहता, प्रेमांशु कुमार, शैलेंद्र कुमार सिंह, दिलीप मेहता, देवेंद्र कुमार मेहता, पप्पु मेहता, किरण मेहता, भीम सिंह, संदीप सिंह, अजय राम, हीरा सुंडी, पेकी रजक, पवन गोस्वामी, रूदवा सुंडी को कार्यपालक दंडाधिकारी के स्तर से धारा 126 भादवि के तहत जारी नोटिस में दो फरवरी को दोपहर 1:30 बजे न्यायालय में स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है. इसमें कहा गया है कि आप लोगों के द्वारा लगातर सोशल मीडिया व व्यक्तिगत रूप से नकारात्मक प्रचार कर नगर पंचायत चुनाव को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है. यही नहीं असंवैधानिक रूप से दुष्प्रचार कर विधि व्यवस्था को भंग करने का प्रयास किया जा रहा है. ऐसे में क्यों नहीं एक वर्ष तक शांति बनाए रखने को लेकर दस हजार का अर्थ दंड और अन्य कदम उठाया जाए.

एसडीओ के नेतृत्व में फिर निकला फ्लैग मार्च

डोमचांच नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा रविवार को लगातार दूसरे दिन भी फ्लैग मार्च निकाला गया. मार्च का नेतृत्व एसडीओ ओमप्रकाश मंडल, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने किया. इनके अलावा सीओ रविंद्र पांडेय, बीडीओ भोला पांडेय, थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार पडिहारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. मार्च डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा. इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों से चुनावी प्रक्रिया में निर्भीक होकर भाग लेने, मतदान करने एवं चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सहयोग की अपील की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, अशांति या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें…

JMM का Jharkhand Divas दुमका में 2 फरवरी को, CM हेमंत सहित कई बड़े नेता होंगे शामिल

Sahibganj: उत्तरवाहिनी गंगा तट पर राजकीय माघी पूर्णिमा मेला, सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र है राजमहल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola