रात 12 बजे गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, भक्ति में डूबा कोडरमा; भावुक हुए श्रद्धालु
राधा कृष्ण के रूप में बच्चे़ | Prabhat Khabar Network
झुमरीतिलैया में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। राधा-कृष्ण मंदिर में गंगा आरती की तर्ज पर महाआरती हुई और श्रद्धालुओं ने कान्हा का जन्मोत्सव मनाया।
झुमरीतिलैया: जन्माष्टमी पर शुक्रवार को पूरा कोडरमा जिला भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर गुरुवार देर शाम से ही शहर के मंदिरों और घरों में विशेष तैयारियां शुरू हो गई थीं. श्रद्धालुओं ने मंदिरों और घरों को फूलों की झालरों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक कृत्रिम सजावट से सजाया.
आपके शहर में
राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे छोटे-छोटे बच्चे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे. शुक्रवार रात जैसे ही घड़ी की सुई 12 बजे पर पहुंची, चारों ओर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष गूंजने लगे. घरों में आरती और मंदिरों में घंटे-घड़ियाल की झंकार से वातावरण भक्तिमय हो गया. श्रद्धालुओं ने नन्हे कान्हा को पालने में झुलाया और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. जन्मोत्सव के उल्लास के बीच कई श्रद्धालु भक्ति के आंसुओं से भावुक नजर आए.
झुमरी राधा-कृष्ण मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
झुमरी चाराडीह स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया. शुक्रवार सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे और राधा-कृष्ण के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया.
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर परिसर के आसपास तालाब और बाइपास की ओर एक तरफ बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी. सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे.
सांसद अन्नपूर्णा देवी ने मंदिर में की पूजा
जन्माष्टमी के अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी भी राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचीं. उन्होंने राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया.
उनके साथ सांसद प्रतिनिधि कृष्णा बरह्पुरिया, राजकुमार यादव, विजय राय सहित मंदिर समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे.
गंगा आरती की तर्ज पर हुई भव्य महाआरती
जन्माष्टमी की देर रात मंदिर समिति की ओर से गंगा आरती की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया. इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा.
श्रद्धालुओं ने हाथों में घी के दीप और आरती की थाल लेकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की. महाआरती के दौरान मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया.
रातभर गूंजते रहे भजन
जन्माष्टमी की रात जिले के विभिन्न मंदिरों और घरों में रातभर भजनों की गूंज सुनाई देती रही. श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे नजर आए. ‘मिश्री मेवा का भोग लगे, चखोगे तुम श्याम... हम कहेंगे हैप्पी बर्थडे’ जैसे भजनों के साथ श्रद्धालुओं ने कान्हा का जन्मोत्सव मनाया.
वहीं ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे अधीर...’ की मधुर तान पर भी श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए