जिन शिक्षकों ने संभाली शिक्षा की जिम्मेदारी, सम्मान सूची में नाम नहीं! कोडरमा में सहायक अध्यापकों का विरोध
कोडरमा में शिक्षक दिवस पुरस्कार सूची में सहायक अध्यापकों के नाम न होने पर संघ ने जताया रोष, भेदभाव का आरोप लगाते हुए दी आंदोलन की चेतावनी।
कोडरमा: सहायक अध्यापक संघ कोडरमा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार राय ने डाइट प्रशिक्षण संस्थान कोडरमा की ओर से 3 सितंबर को जारी उत्कृष्ट शिक्षकों की पुरस्कार सूची पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले शिक्षक सम्मान की सूची में सहायक अध्यापकों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं. इसे उन्होंने भेदभावपूर्ण और समर्पित शिक्षकों के प्रति तिरस्कारपूर्ण रवैया बताया.
आपके शहर में
सहायक अध्यापकों को सम्मान नहीं मिलने पर जताया रोष
वीरेंद्र कुमार राय ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी सहायक अध्यापक जिले की शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. इसके बावजूद शिक्षक दिवस पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची में उनका नाम नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है.
उन्होंने कहा कि दो दशकों से अधिक समय से सहायक अध्यापक राज्य स्तर पर उपेक्षा का सामना कर रहे हैं. अब जिला स्तर पर भी उनके साथ भेदभाव किया जाना चिंता का विषय है. उन्होंने डाइट द्वारा सहायक अध्यापकों के प्रति कथित भेदभाव को अनुचित बताते हुए शिक्षा विभाग के फैसले की कड़ी निंदा की.
जरूरत पड़ी तो जिला कार्यालय का होगा घेराव
संघ जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों के समर्पण के बदले अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जरूरत पड़ी तो संघ जिला कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेगा.
संघ के सचिव दामोदर यादव ने कहा कि जिला शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में लिया गया यह फैसला मनमाना और भेदभावपूर्ण है. उन्होंने विभाग के उच्च पदाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करते हुए कथित भेदभावपूर्ण पत्र को तत्काल निरस्त करने और आदर्श पत्र जारी करने की मांग की.
संघ के कई पदाधिकारियों ने जताया विरोध
मामले का विरोध करने वालों में सुभाष सिंह, रामू यादव, प्रवीण कुमार, अमित कुमार, तनवीर आलम, साकिब महमूद, प्रदीप गिरी, वीरेंद्र साव, सलीम अंसारी, अजय यादव, पोखराज साव, सुनील यादव, कैलाश राम और संजय साव सहित अन्य शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए